लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 फरवरी से सिंगापुर और जापान के दौरे पर होंगे। मुख्यमंत्री का यह दौरा 23-24 फरवरी को सिंगापुर और 25-26 फरवरी को जापान में प्रस्तावित है। यह यूपी सरकार की निवेश-आकर्षण पहल के तहत मुख्यमंत्री की पहली विदेश यात्रा होगी। पहले वह म्यांमार, मारीशस, नेपाल और रूस की यात्रा कर चुके हैं।
मुख्यमंत्री इस दौरान निवेशकों के साथ-साथ वहां रह रहे भारतीय समुदाय से भी मुलाकात करेंगे। उनके साथ 18 सदस्यीय उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, औद्योगिक विकास मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी, अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद और सचिव अमित सिंह शामिल होंगे।
सिंगापुर दौरा: शहरी विकास और स्मार्ट सिटी सहयोग
दो दिन के सिंगापुर दौरे में शहरी विकास, स्मार्ट सिटी, जल प्रबंधन और कौशल विकास के क्षेत्र में आपसी सहयोग को मजबूत करने पर जोर रहेगा। उत्तर प्रदेश और सिंगापुर के बीच आर्थिक साझेदारी को बढ़ावा देने के लिए एसआइसीसी (Singapore Indian Chamber of Commerce and Industry), एफआइसीसी और अन्य व्यापार संघों के साथ समझौता ज्ञापनों (MoU) को अंतिम रूप दिया जाएगा।
जापान दौरा: विनिर्माण और प्रौद्योगिकी पर फोकस
टोक्यो में दो दिन के दौरे के दौरान ‘‘विनिर्माण, गतिशीलता और प्रौद्योगिकी’’ पर उत्तर प्रदेश-जापान साझेदारी के गोलमेज सम्मेलन का आयोजन होगा। इस सम्मेलन में ऑटोमोटिव, इलेक्ट्रिक वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स, रेलवे, इंजीनियरिंग, रसायन और लॉजिस्टिक्स क्षेत्रों की शीर्ष जापानी कंपनियों के शामिल होने की संभावना है।
InvesT UP टीम की प्रस्तुति और IT निवेश
इन्वेस्ट यूपी की टीम इस दौरान औद्योगिक बुनियादी ढांचे, हरित हाइड्रोजन, जीसीसी, पर्यटन सर्किट, ऑटोमोबाइल, कौशल विकास और व्यापार में सुगमता सुधारों पर निवेशकों को विस्तृत प्रस्तुति देगी।
वहीं 22 फरवरी को उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य के नेतृत्व में 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल यूके और जर्मनी की यात्रा पर जाएगा। उनके साथ IT व इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के मंत्री सुनील शर्मा, औद्योगिक विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार और अन्य अधिकारी शामिल रहेंगे। इस दौरे में आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में बड़े निवेश की उम्मीद जताई जा रही है।
