‘किस्सा कोर्ट कचहरी का’ से बदलेगा कोर्टरूम ड्रामा का अंदाज़? दमदार बहस में आमने-सामने दिखेंगे दो दिग्गज कलाकार

बॉलीवुड में कोर्टरूम ड्रामा हमेशा दर्शकों की पसंदीदा जॉनर रही है। जॉली एलएलबी 3 से लेकर पिंक जैसी फिल्मों ने मनोरंजन के साथ मजबूत सामाजिक संदेश भी दिए। अब इसी कड़ी में एक नई फिल्म ‘किस्सा कोर्ट कचहरी का’ चर्चा में है, जिसका ट्रेलर रिलीज होते ही दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है। फिल्म कोर्ट-कचहरी की बहसों और न्याय व्यवस्था के अनदेखे पहलुओं को नए अंदाज़ में पेश करने का दावा कर रही है।

न्याय व्यवस्था के अनछुए पहलुओं पर फोकस
लवली फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन रजनीश जायसवाल ने किया है, जबकि निर्माता अरुण कुमार हैं। मेकर्स के मुताबिक फिल्म ‘परफेक्शन’ नहीं बल्कि सिस्टम की ‘इम्परफेक्शन’ को दिखाने की कोशिश करती है। ट्रेलर और फर्स्ट लुक सामने आने के बाद फिल्म को शुरुआती स्तर पर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। हालांकि इसमें कोई मेगा स्टार नहीं है, लेकिन कहानी और ट्रीटमेंट को इसकी सबसे बड़ी ताकत माना जा रहा है।

रियल लोकेशन शूटिंग से बढ़ी असलियत
फिल्म में राजेश शर्मा, बृजेंद्र काला और नीलू कोहली जैसे अनुभवी कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं। कहानी मेरठ के इर्द-गिर्द घूमती है और खास बात यह है कि शूटिंग भी यहीं वास्तविक लोकेशनों और असली दफ्तरों में की गई है। निर्देशक का कहना है कि वे चाहते थे दर्शक माहौल की सच्चाई और कड़वाहट को महसूस कर सकें, इसलिए सेट के बजाय असली स्थान चुने गए।

इस दिन सिनेमाघरों में दस्तक
फिल्म में राजेश शर्मा और बृजेंद्र काला वकीलों की भूमिका में नजर आएंगे। दोनों कलाकार इससे पहले कई चर्चित फिल्मों में अपनी दमदार एक्टिंग से पहचान बना चुके हैं। ‘किस्सा कोर्ट कचहरी का’ 13 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और उम्मीद की जा रही है कि यह कोर्टरूम ड्रामा जॉनर में एक नया रंग जोड़ सकती है।

Related posts