घरेलू रिफंड में 117.6 तथा निर्यात रिफंड में 20 फीसदी की दर्ज की गई वृद्धि
लगातार सातवें महीने जीएसटी संग्रह 1.8 लाख करोड़ रुपये से ऊपर रहा
नई दिल्ली। वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) संग्रह जुलाई में बढ़कर 1.96 लाख करोड़ रुपये रहा। सालाना आधार पर इसमें 7.5 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज हुई है। जुलाई 2024 में 1.82 लाख करोड़ रुपये का जीएसटी संग्रह हुआ था। जीएसटी महानिदेशालय ने शुक्रवार को जारी आंकड़ों में बताया कि जुलाई में जीएसटी राजस्व संग्रह बढ़कर 1.96 लाख करोड़ हो गया, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 7.5 फीसदी की वृद्धि है।
इस साल जून के मुकाबले जुलाई का जीएसटी संग्रह 11 हजार करोड़ रुपये बढ़ा है। जून में 1.84 लाख करोड़ जीएसटी वसूला गया था। जुलाई के जीएसटी संग्रह में एकीकृत जीएसटी से 99,250 करोड़, केंद्रीय जीएसटी से 33,450 करोड़, राज्य जीएसटी से 41,600 करोड़ व उपकर से 21,700 करोड़ प्राप्त हुए । घरेलू रिफंड में 117.6 फीसदी तथा निर्यात संबंधी रिफंड में 20 फीसदी की वृद्धि हुई । लगातार सातवें महीने जीएसटी संग्रह 1.8 लाख करोड़ से ऊपर रहा।
विदेशी मुद्रा भंडार में 2.7 अरब डॉलर की बढ़ोतरी
विदेशी मुद्रा भंडार में तीन हफ्ते बाद इजाफा हुआ है। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 25 जुलाई को समाप्त हफ्ते में 2.703 अरब डॉलर बढ़कर 698.192 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने शुक्रवार को जारी आंकड़ों में बताया कि देश का विदेशी मुद्रा भंडार 2.703 अरब डॉलर बढ़कर 698.192 अरब डॉलर रहा है। पिछले सप्ताह में यह 695.489 अरब डॉलर रहा था।
