लुधियाना: पंजाब के जगराओं-रायकोट रोड पर गांव बस्सियां के पास गुरुवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। एक बस की टक्कर के बाद तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गहरे छप्पड़ में जा गिरी। हादसे में आम आदमी पार्टी से जुड़े तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे घायल हुए हैं।
नकोदर के कार्यक्रम से लौट रहे थे AAP कार्यकर्ता
जानकारी के मुताबिक, आम आदमी पार्टी से जुड़े ये लोग नकोदर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद देर रात कार से दिड़बा लौट रहे थे। इसी दौरान जगराओं से करीब 12 किलोमीटर दूर गांव बस्सियां के पास रायकोट रोड पर यह हादसा हुआ।
रात करीब 1:15 बजे हुआ हादसा
बताया गया कि रात करीब 1:15 बजे तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पानी से भरे गहरे छप्पड़ में जा गिरी। इससे पहले बस की टक्कर हुई थी। कार के तेज गति से पानी में गिरने के कारण उसमें सवार लोगों को बाहर निकलने का पर्याप्त मौका नहीं मिल सका।
ग्रामीणों ने पहुंचकर शुरू किया बचाव अभियान
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस और राहत दल को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों और बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद पानी में फंसी कार से लोगों को बाहर निकाला। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे घायल बताए गए हैं।
