लखनऊ: गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल जेसीबी की चपेट में आने से 14 वर्षीय आर्यवर्धन की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि बुलडोजर सबके बस की बात नहीं है। साथ ही उन्होंने आर्यवर्धन की मौत की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
ओमप्रकाश राजभर ने गुरुवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर सपा के रोड शो को सड़क पर तांडव करार दिया। उन्होंने लिखा कि गोरखपुर में सड़कों पर तांडव के दौरान लोडरों की कूद-फांद के कारण एक मासूम को अपनी जान गंवानी पड़ी। राजभर ने तंज कसते हुए कहा, ‘बुलडोजर सबसे नहीं संभलता मित्र…’ उन्होंने दावा किया कि पूरा प्रदेश जानता है कि विपक्षी दल के लोग उद्दंडता के अलावा कुछ नहीं कर सकते।
अखिलेश यादव ने हादसे पर जताया दुख, जांच की मांग
दूसरी ओर, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी आर्यवर्धन की मौत पर शोक जताया है। उन्होंने गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रतिक्रिया पर सवाल उठाए। अखिलेश ने कहा कि मुख्यमंत्री बिना किसी सबूत के आरोप लगा रहे हैं, जो बेहद निंदनीय है।
उन्होंने दावा किया कि वीडियो में कहीं भी रोड शो या रैली दिखाई नहीं दे रही है, फिर भी हादसे के लिए उसी को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। अखिलेश के मुताबिक, इस घटना पर राजनीतिक बयानबाजी करना शोकाकुल परिवार के साथ अन्याय है। उन्होंने हादसे की सर्वोच्च स्तर पर जांच कराने और सच्चाई सामने लाने की मांग की।
सपा प्रमुख ने यह भी कहा कि हादसे में किसी मासूम की मौत से सभी आहत हैं। उन्होंने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए बताया कि पार्टी के लोगों से परिजनों से मिलकर हरसंभव मदद करने को कहा गया है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि घटना पर राजनीति करने वाले लोग संवेदनहीनता दिखा रहे हैं। उन्होंने लखनऊ अग्निकांड का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री पर उस घटना में जान गंवाने वाले युवक की मां के साथ दुर्व्यवहार और धमकी देने का आरोप भी लगाया।
इससे पहले सपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि चुनाव की तारीख घोषित होने के दिन ही भाजपा की हार की इबारत लिख दी जाएगी। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को लोकतंत्र का आखिरी चुनाव भी बताया।
क्या हुआ था गोरखपुर में?
बुधवार दोपहर अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान गोरखपुर के झारखंडी मोड़ के पास यह हादसा हुआ था। मूल रूप से चौरीचौरा के राजधानी गांव के रहने वाले भाजपा नेता ओंकार सिंह गोरखपुर के कूड़ाघाट इलाके में रहते हैं। उनका 14 वर्षीय बेटा आर्यवर्धन पैदल चौराहे की ओर जा रहा था, तभी वह रोड शो में शामिल जेसीबी की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौत हो गई।
आर्यवर्धन गोरखपुर केंद्रीय विद्यालय-1 में कक्षा 10वीं का छात्र था। घटना के बाद से ही राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। राजभर ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है, जबकि अखिलेश यादव ने सर्वोच्च स्तर पर जांच कराकर सच्चाई सामने लाने की बात कही है।
