इमरान मसूद का बयान सोशल मीडिया पर भी तेजी से प्रसारित हो रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परिस्थितियां चाहे जैसी हों, शाहनवाज खान चुनाव लड़ेंगे और वह अपने किए वादे को पूरा करेंगे।
शाहनवाज को चुनाव लड़ाने पर अड़े इमरान मसूद
प्रसारित वीडियो में इमरान मसूद कहते नजर आ रहे हैं कि उन्होंने पहले ही खुलकर घोषणा कर रखी है कि शाहनवाज खान को विधानसभा चुनाव लड़ाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वह राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के सिपाही हैं और पार्टी जो निर्देश देगी, उसका पालन करेंगे। हालांकि, शाहनवाज को चुनाव लड़ाने का अपना वादा वह कायम रखेंगे।
आशु मलिक के सामने चुनाव लड़ाने के सवाल पर क्या बोले?
गठबंधन और सहारनपुर देहात सीट से सपा के घोषित प्रत्याशी आशु मलिक के सामने शाहनवाज खान को चुनाव लड़ाने के सवाल पर इमरान मसूद ने कहा कि पार्टी जो तय करेगी, वह उसी के अनुसार काम करेंगे। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने अपने लिए टिकट की मांग नहीं की है, लेकिन शाहनवाज खान को चुनाव लड़ाने का ऐलान पहले ही कर चुके हैं।
‘जिसने बुरे वक्त में साथ दिया, उसे नहीं भूल सकता’
शाहनवाज खान को चुनाव लड़ाने के पीछे की वजह बताते हुए इमरान मसूद ने कहा कि शाहनवाज उनके साथी हैं और उनके चुनाव के दौरान दिन-रात साथ खड़े रहे। उन्होंने तन, मन और धन से मदद की। इमरान के मुताबिक, जो व्यक्ति बुरे वक्त में साथ देता है, उसे भुलाया नहीं जा सकता।
उन्होंने दोहराया कि परिस्थितियां चाहे कुछ भी हों, शाहनवाज खान चुनाव लड़ेंगे। इमरान मसूद ने कहा कि उनकी बात किसी को गलत लगती है तो लगे, लेकिन उन्होंने जो वादा किया है, उसे पूरा करेंगे।
