लखनऊ: रक्षामंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने कहा है कि राजनीति में फैसले चुनावी फायदे या नुकसान को देखकर नहीं, बल्कि समाज के हित को ध्यान में रखकर किए जाने चाहिए। अगला चुनाव जीतने से ज्यादा जरूरी आने वाली पीढ़ी का भविष्य बेहतर बनाना है। उन्होंने साफ कहा कि चुनाव में जीत मिले या हार, समाज के हित में जो उचित होगा, वही किया जाएगा।
शुक्रवार को सुल्तानपुर रोड स्थित ब्रह्माकुमारीज के राजयोग प्रशिक्षण केंद्र गुलजार उपवन में नवनिर्मित दिव्य संस्कृति भवन के लोकार्पण समारोह में राजनाथ सिंह ने ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि लखनऊ में उनके कई साथी कुछ फैसलों के संभावित चुनावी असर को लेकर चिंता जताते हैं। उन्हें आशंका रहती है कि किसी निर्णय से लोग नाराज हो सकते हैं और इसका चुनाव में नुकसान उठाना पड़ सकता है।
रक्षामंत्री ने कहा कि उनके लिए चुनावी लाभ से कहीं अधिक महत्वपूर्ण समाज का हित है। राजनीति में दूरगामी सोच के साथ निर्णय लेने चाहिए, ताकि उनका लाभ आने वाली पीढ़ियों को मिल सके।
लखनऊ से जुड़ाव का किया जिक्र
राजनाथ सिंह ने लखनऊ के साथ अपने भावनात्मक रिश्ते को भी साझा किया। उन्होंने कहा कि उनकी डोर इस शहर से जुड़ी हुई है। वह चाहे कहीं भी रहें, उनका मन बार-बार लखनऊ की ओर खिंचा चला आता है।
उन्होंने बताया कि पिछले चार दिनों से वह वायरल संक्रमण के कारण अस्वस्थ हैं। इसी वजह से उनकी आवाज में भी बदलाव आया है। इसके लिए उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से क्षमा मांगी।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने एयरपोर्ट पर किया स्वागत
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं। इससे पहले लखनऊ एयरपोर्ट पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का स्वागत किया।
