कोहरे के बीच निकले सूर्यदेव, गंगा घाटों पर गूंजे छठी मइया के गीत; उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ महापर्व संपन्न

पटना: लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। पटना के गंगा घाटों पर तड़के से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही। हाथों में सूप, दउरा और पूजन सामग्री लिए व्रती ठंडे पानी में खड़े होकर भगवान भास्कर के उदय होने का इंतजार करते रहे।

सुबह कोहरा छाए रहने के कारण सूर्यदेव के दर्शन में कुछ देरी हुई। करीब सात बजे बादलों और कोहरे के बीच सूर्य की किरणें दिखाई दीं तो घाटों पर श्रद्धा और उल्लास का माहौल बन गया। सूर्य के दर्शन होते ही व्रतियों ने दूध और गंगाजल से भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया।

छठ गीतों से भक्तिमय हुए गंगा घाट

अर्घ्य के दौरान गंगा घाटों पर छठी मइया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे। ‘केलवा के पात पर उगेलन सुरुज देव…’ और ‘उग हो सुरुज देव…’ जैसे लोकगीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। व्रतियों के साथ उनके परिवार के सदस्य भी हाथ जोड़कर सूर्यदेव की आराधना करते नजर आए।

घाटों पर रात से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। कोई सूप में ठेकुआ, फल और अन्य प्रसाद सजाकर खड़ा था तो कोई परिवार के साथ अर्घ्य देने की तैयारी में जुटा रहा।

36 घंटे के निर्जला व्रत का हुआ पारण

छठ व्रतियों की सेवा और सहायता के लिए घाटों पर स्वयंसेवक और श्रद्धालु भी सक्रिय रहे। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने छठी मइया से परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली की कामना की। इसके साथ ही 36 घंटे के निर्जला उपवास का पारण कर व्रत पूरा किया।

नहाय-खाय से शुरू हुई पवित्रता, आस्था और लोक परंपरा की यह कठिन साधना उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ पूरी हो गई। पटना के गंगा घाटों पर सुबह तक छठ महापर्व की भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा।

Related posts