वाशिंगटन: अमेरिका की राजनीति में भारतीय मूल के लोगों ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। डेमोक्रेटिक पार्टी के 42 वर्षीय नेता रंजीव पुरी को मिशिगन हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स का नया स्पीकर चुना गया है। इसके साथ ही वह इस पद पर पहुंचने वाले पहले भारतीय-अमेरिकी बन गए हैं। गुरुवार को हुए इस चयन को अमेरिकी राजनीति में भारतीय-अमेरिकी समुदाय की बढ़ती भागीदारी के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
स्पीकर चुने जाने पर जताया आभार, कहा- अब काम शुरू करने का समय
मिशिगन हाउस का स्पीकर चुने जाने के बाद रंजीव पुरी ने इस जिम्मेदारी को अपने लिए बेहद सम्मान की बात बताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने साथियों का आभार जताते हुए कहा कि उन पर भरोसा दिखाने के लिए वह सभी के आभारी हैं और नई जिम्मेदारी संभालने को लेकर उत्साहित हैं।
पुरी ने कहा कि वह सीनेट के नवनिर्वाचित बहुमत नेता डैरिन कैमिलेरी और नवनिर्वाचित गवर्नर जोसलिन बेन्सन के साथ मिलकर काम करने के लिए तैयार हैं। उनका उद्देश्य चुनाव प्रचार के दौरान जनता से किए गए वादों को पूरा करना है।
माता-पिता के संघर्ष को याद कर भावुक हुए रंजीव पुरी
अपनी ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रतिक्रिया देते हुए रंजीव पुरी ने अपने माता-पिता के संघर्ष को भी याद किया। पंजाबी मूल के अप्रवासी माता-पिता के परिवार में जन्मे पुरी ने कहा कि जब उनके माता-पिता अमेरिका आए थे, तब उन्होंने शायद कभी कल्पना भी नहीं की होगी कि उनका बेटा एक दिन मिशिगन हाउस का नेतृत्व करेगा।
उन्होंने इसे अमेरिका के उस वादे से जोड़कर बताया, जहां मेहनत और अवसरों के दम पर लोग बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। पुरी के मुताबिक, उनका इस पद तक पहुंचना बाधाओं को पार करने और आगे बढ़ने की मिसाल है।
ओबामा के चुनाव प्रचार में भी निभा चुके हैं अहम भूमिका
राजनीति में रंजीव पुरी का सफर काफी पुराना रहा है। उन्होंने वर्ष 2008 और 2012 में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के चुनाव अभियानों में काम किया था। इसके बाद उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो के बूथ स्कूल ऑफ बिजनेस से एमबीए की पढ़ाई पूरी की।
शिक्षा पूरी करने के बाद वह मिशिगन लौट आए और ऑटोमोबाइल उद्योग में काम किया। राजनीति में आगे बढ़ते हुए उन्होंने मिशिगन स्टेट हाउस में अपना तीसरा कार्यकाल भी पूरा किया। इसी दौरान उन्हें 110 सदस्यों वाले हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में डेमोक्रेटिक कॉकस का नेता नियुक्त किया गया था। उस समय सदन में रिपब्लिकन पार्टी का नियंत्रण था।
इंडियन अमेरिकन इम्पैक्ट ने दी बधाई
रंजीव पुरी के स्पीकर चुने जाने पर इंडियन अमेरिकन इम्पैक्ट ने भी खुशी जताई है। संगठन के कार्यकारी निदेशक चिंतन पटेल ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि पुरी ने स्वास्थ्य सेवाओं और आवास से जुड़े खर्चों को कम करने के लिए लगातार काम किया है, ताकि आम लोगों के लिए जीवन अधिक किफायती बनाया जा सके।
चिंतन पटेल ने उम्मीद जताई कि पुरी दक्षिण एशियाई समुदायों के साथ-साथ मिशिगन के सभी नागरिकों के अधिकारों और सुरक्षा के मुद्दों पर मजबूती से आवाज उठाएंगे।
