नई दिल्ली: डेंगू से रिकवरी के बाद यह मान लेना कि बीमारी पूरी तरह खत्म हो गई है, हमेशा सही नहीं होता। डेंगू से उबरने के बाद भी कुछ लोगों को कई दिनों तक कमजोरी, शरीर में दर्द और दूसरी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। उत्तर और मध्य भारत में डेंगू के बढ़ते मामलों के बीच डॉक्टर भी मरीजों को रिकवरी के बाद अपनी सेहत को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
डेंगू से लड़ाई सिर्फ संक्रमण खत्म होने तक सीमित नहीं है। बीमारी के दौरान शरीर पर पड़ा असर रिकवरी के बाद भी दिखाई दे सकता है। ऐसे में पौष्टिक भोजन, पर्याप्त आराम, पानी पीना और रोजमर्रा की दिनचर्या में धीरे-धीरे लौटना जरूरी माना जाता है।
डेंगू के बाद दिख सकते हैं ये 5 साइड इफेक्ट
शरीर में दर्द
डेंगू के दौरान मांसपेशियों और शरीर में दर्द आम समस्या है। कई मरीजों में बुखार और संक्रमण खत्म होने के बाद भी यह दर्द कुछ समय तक बना रह सकता है।
बाल झड़ने की समस्या
डेंगू के बाद कुछ मरीजों में बाल झड़ने की शिकायत भी देखने को मिल सकती है। बीमारी के दौरान शरीर पर पड़ने वाला असर बालों से जुड़ी इस समस्या की वजह बन सकता है।
विटामिन और मिनरल्स की कमी
डेंगू के बाद शरीर में विटामिन और मिनरल्स की कमी भी हो सकती है। विटामिन ए, डी, बी12 और ई समेत कई पोषक तत्वों की कमी से कमजोरी और जोड़ों के दर्द जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। कुछ लोगों में त्वचा से जुड़ी दिक्कतें भी दिखाई दे सकती हैं।
लंबे समय तक कमजोरी
डेंगू से ठीक होने के बाद भी कमजोरी महसूस होना आम समस्या हो सकती है। खासतौर पर जिन लोगों की इम्यूनिटी कमजोर होती है, उन्हें रिकवरी में अधिक समय लग सकता है। बच्चों और बुजुर्गों को भी बीमारी के बाद लंबे समय तक कमजोरी और दूसरी परेशानियां हो सकती हैं।
तनाव, चिंता और डिप्रेशन
डेंगू से उबरने के बाद मानसिक स्वास्थ्य पर भी असर पड़ सकता है। एक अध्ययन के अनुसार, डेंगू से पीड़ित लोगों में तनाव, चिंता और अवसाद के स्तर में बढ़ोतरी देखी गई है। ये समस्याएं बीमारी से ठीक होने के बाद भी कुछ समय तक बनी रह सकती हैं।
डेंगू से ठीक होने के बाद क्या करें?
सफदरजंग अस्पताल के कम्यूनिटी मेडिसिन विभाग के प्रमुख डॉ. जुगल किशोर के मुताबिक, डेंगू से रिकवरी के बाद करीब दो सप्ताह तक शरीर को पर्याप्त आराम देना चाहिए। इस दौरान संतुलित आहार लें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और तनाव से बचें। पुराने लाइफस्टाइल में भी धीरे-धीरे लौटना चाहिए और तुरंत भारी काम शुरू करने से बचना चाहिए।
रिकवरी के दौरान संतुलित भोजन के साथ कुछ दिनों तक नींबू पानी और ओआरएस घोल लिया जा सकता है। अनार, संतरा और गन्ने के रस का सेवन भी किया जा सकता है। अंडा, चिकन और मछली जैसे खाद्य पदार्थ भी आहार में शामिल किए जा सकते हैं।
डेंगू के बाद इन गलतियों से बचें
डेंगू से ठीक होने के बाद भी मच्छरों से बचाव जारी रखना जरूरी है। मच्छरदानी का इस्तेमाल करें और यह मानकर न चलें कि एक बार डेंगू होने के बाद दोबारा संक्रमण नहीं हो सकता। इसके अलावा, रिकवरी के दौरान भारी व्यायाम और ज्यादा मेहनत वाला काम करने से बचें। जंक फूड से भी दूरी बनाए रखना बेहतर है।
