एटा में डबल मर्डर से सनसनी, मां-बेटी की हथौड़े से हत्या; बच्चों के सामने पति ने दिया वारदात को अंजाम

एटा: उत्तर प्रदेश के एटा में मां और बेटी की हथौड़े से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। दोनों के सिर और चेहरे पर हथौड़े से कई वार किए गए। वारदात के समय घर में तीन बच्चे भी मौजूद थे। बच्चों के सामने मां और नानी की हत्या के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

घटना अवागढ़ इलाके की है। फिरोजाबाद के एका थाना क्षेत्र के ठाटी गांव निवासी रुकमपाल पुत्र सियाराम यादव अपने परिवार के साथ अवागढ़ में रहता था। उसका पत्नी प्रियंका (35) से विवाद चल रहा था। प्रियंका की मां कमला देवी (60) भी छछैना मलावन से आकर बेटी के साथ अवागढ़ में रह रही थीं। सोमवार रात पति-पत्नी के बीच एक बार फिर विवाद हुआ।

विवाद के दौरान हथौड़े से किया हमला

आरोप है कि विवाद के दौरान रुकमपाल ने हथौड़े से अपनी पत्नी प्रियंका और सास कमला देवी पर हमला कर दिया। दोनों के सिर और चेहरे पर हथौड़े से वार किए गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के दौरान घर में मौजूद तीनों बच्चे चीखने-चिल्लाने लगे। आरोप है कि बच्चों के सामने ही आरोपी ने दोनों पर हमला जारी रखा और इसके बाद मौके से फरार हो गया।

बच्चों की चीख सुनकर पड़ोसी पहुंचे

बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग घर पहुंचे। अंदर का दृश्य देखकर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। डबल मर्डर की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। स्थानीय पुलिस के साथ एसएसपी डॉ. इलामारन और एएसपी श्वेताभ पांडेय समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

घटना के बाद सहमे हुए हैं बच्चे

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। बच्चों से भी घटना के संबंध में पूछताछ की गई। इस दौरान बच्चे काफी सहमे हुए नजर आए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं।

कई दिनों से चल रहा था पति-पत्नी में विवाद

अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय के अनुसार, बच्चों ने पूछताछ में बताया कि उनके माता-पिता के बीच कई दिनों से विवाद चल रहा था। दोनों के बीच मारपीट भी होती थी। सोमवार देर रात विवाद बढ़ गया, जिसके बाद महिला के पति ने कथित तौर पर मां और सास पर हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

Related posts