आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में कोचिंग शिक्षक ओपी यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा कर दिया। इस वारदात में पुलिस ने शिक्षक की पूर्व छात्रा के प्रेमी निखिल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के पास से शिक्षक की स्कूटी, हेलमेट, हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू और खून से सनी उसकी शर्ट बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है। उसका कहना था कि उसने शिक्षक से अपनी प्रेमिका का पीछा छुड़ाने में देर कर दी।
यह वारदात दो नवंबर को जगदीशपुरा की आवास विकास कॉलोनी सेक्टर-3 स्थित वीएस प्लाजा में चलने वाली कोचिंग में हुई थी। शिक्षक ओपी यादव की क्लासरूम में बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। कमरे में लगे व्हाइट बोर्ड पर मार्कर से ‘ओपी यादव रेपिस्ट’ लिखा मिला था। पुलिस को घटना की जानकारी चार दिन बाद, छह नवंबर को हुई। उस समय शिक्षक की स्कूटी, मोबाइल और हेलमेट भी गायब मिले थे।
छात्रा के संपर्क में रहने वाले लोगों से शुरू हुई पूछताछ
डीसीपी सिटी रवींद्र कुमार के मुताबिक, पुलिस को शुरुआती जांच में ही आशंका थी कि हत्या के पीछे किसी युवती से जुड़ा मामला हो सकता है। इसके बाद पुलिस ने शिक्षक का रिकॉर्ड खंगाला और कोचिंग आने वाले छात्र-छात्राओं से पूछताछ शुरू की। शिक्षक की कॉल डिटेल भी निकलवाई गई और उनके संपर्क में रहने वाले लोगों को बुलाकर जानकारी जुटाई गई।
जांच के दौरान पुलिस को जगदीशपुरा की रहने वाली एक युवती का नंबर मिला। शिक्षक की उससे भी बातचीत होती थी। पूछताछ में युवती ने बताया कि वह ओपी यादव को बड़े पापा कहकर बुलाती थी। शुरुआत में उसने शिक्षक के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी, लेकिन बाद में बताया कि उनकी आदतें ठीक नहीं थीं और वह उसे ब्लैकमेल भी करते थे।
कॉल डिटेल और मोबाइल लोकेशन से आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस को पूछताछ के दौरान यह पता नहीं चला था कि युवती के प्रेमी ने ही शिक्षक की हत्या की है। इसके बाद युवती की कॉल डिटेल खंगाली गई और उसके प्रेमी का नंबर हासिल किया गया। घटना वाले दिन की लोकेशन की जांच में पुलिस का शक गहराया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी निखिल ने पकड़े जाने से बचने के लिए दो नवंबर की दोपहर ही अपना मोबाइल बंद कर दिया था। जांच में पता चला कि वह शाहगंज के प्रकाश नगर स्थित अपने घर भी नहीं लौटा था। पुलिस ने उसके परिचितों के यहां दबिश दी और काफी मशक्कत के बाद उसे पकड़ लिया।
बैग में मटन काटने वाला चाकू लेकर पहुंचा था निखिल
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि निखिल दो नवंबर को घर से एक बैग लेकर निकला था। बैग में मटन काटने वाला चाकू और कपड़े रखे थे। उसने पहले कोचिंग सेंटर की रेकी की थी। उसे पता चला था कि शाम के समय शिक्षक वहां अकेले रहते हैं।
इसके बाद वह शाम करीब साढ़े छह बजे ऑटो से कोचिंग पहुंचा। वहां शिक्षक से विवाद होने के बाद उसने उन पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद वह शिक्षक की स्कूटी लेकर फरार हो गया। बाद में उसने बिचपुरी में स्कूटी छोड़ दी और कपड़े बदल लिए।
आरोपी ने कहा- शिक्षक प्रेमिका का पीछा नहीं छोड़ रहा था
पुलिस के अनुसार, निखिल ने पूछताछ में बताया कि वह चाहता था कि शिक्षक उसकी प्रेमिका का पीछा छोड़ दें, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं थे। आरोपी को अपने किए पर पछतावा नहीं था। उसका कहना था कि उसने देर कर दी। उसे आशंका थी कि शिक्षक ने न जाने कितनी छात्राओं का शोषण किया होगा।
