रायबरेली। होली से पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने उज्ज्वला योजना से जुड़े लाभार्थियों को बड़ी राहत दी है। जिले के कुल 2 लाख 77 हजार 264 निर्धन परिवारों को मुफ्त गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। शासन की ओर से पत्र जारी कर जिला पूर्ति अधिकारी को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं। त्योहार से ठीक पहले आई इस घोषणा से पात्र महिलाओं और परिवारों में खुशी की लहर है, क्योंकि इससे त्योहार के दौरान होने वाले बड़े खर्च में राहत मिलेगी।
तीन कंपनियों के लाखों लाभार्थियों को मिलेगा फायदा
जनपद में इंडेन पेट्रोलियम कंपनी के 1,62,797, भारत पेट्रोलियम के 38,110 और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के 76,450 गरीब परिवारों को पहले ही निश्शुल्क उज्ज्वला कनेक्शन दिए जा चुके हैं। प्रधानमंत्री ने वर्ष 2016 में उत्तर प्रदेश के बलिया से इस योजना की शुरुआत की थी, जिसका उद्देश्य महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाना और स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराना था। तब से यह योजना लगातार संचालित है और समय-समय पर त्योहारों पर विशेष लाभ भी दिया जाता रहा है।
होली पर विशेष रिफिल, ब्लॉक स्तर पर तैयार हुई सूची
सरकार की ओर से होली के मद्देनजर जनवरी से मार्च के बीच मुफ्त रिफिल सिलेंडर वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए ब्लॉक स्तर पर लाभार्थियों की सूची तैयार कर सभी पूर्ति निरीक्षकों को सौंप दी गई है। पूरे अभियान की निगरानी के लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया गया है, ताकि वितरण शत-प्रतिशत पूरा हो सके।
जिला पूर्ति अधिकारी उबैर्दुरहमान ने बताया कि दो लाख 77 हजार 246 उज्ज्वला कनेक्शन धारकों को होली के अवसर पर मुफ्त सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
महिलाओं ने जताई खुशी, खर्च से मिलेगी राहत
योजना से लाभान्वित महिलाओं ने सरकार के फैसले का स्वागत किया है। सत्य नगर निवासी रोशनी ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2022 में उज्ज्वला कनेक्शन लिया था। पहले अंगीठी पर खाना बनाना पड़ता था, जिससे काफी दिक्कत होती थी। त्योहार के समय मुफ्त सिलेंडर मिलने से बड़े खर्च से बचत हो जाती है।
वहीं गुलाब रोड निवासी रेशमा ने कहा कि यह योजना महिलाओं के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो रही है। पहले गैस कनेक्शन के लिए अधिक रकम देनी पड़ती थी, लेकिन अब उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त कनेक्शन और त्योहार पर मुफ्त रिफिल से बड़ी राहत मिलती है।
