TVK अध्यक्ष विजय की 603 करोड़ की संपत्ति का खुलासा, चुनावी हलफनामे में सामने आए चौंकाने वाले आंकड़े

चेन्नई: तमिल सिनेमा से राजनीति में कदम रखने वाले तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) के संस्थापक अध्यक्ष विजय ने विधानसभा चुनाव के लिए दाखिल अपने नामांकन पत्र के साथ अपनी संपत्ति का ब्यौरा पेश किया है, जिसने राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है। हलफनामे के मुताबिक विजय की कुल संपत्ति 603.20 करोड़ रुपये आंकी गई है।

चल और अचल संपत्ति का पूरा विवरण

दाखिल हलफनामे के अनुसार, विजय के पास 404.58 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है, जबकि 198.62 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति दर्ज की गई है। अचल संपत्तियों में कोडाइकनाल की कृषि भूमि और चेन्नई स्थित आवासीय व व्यावसायिक संपत्तियां शामिल हैं।

देनदारियों और टैक्स विवाद का भी जिक्र

विजय ने अपने हलफनामे में कुछ विवादित देनदारियों का भी उल्लेख किया है। आकलन वर्ष 2015-16 से जुड़ा 1.50 करोड़ रुपये का मामला आयकर आयुक्त (अपील) और उच्च न्यायालय में लंबित है। वहीं, आकलन वर्ष 2022-23 से जुड़ा 14.13 लाख रुपये का एक अन्य मामला भी अपील स्तर पर विचाराधीन है।

पत्नी संगीता के नाम भी करोड़ों की संपत्ति

हलफनामे में विजय की पत्नी संगीता की संपत्ति का भी विवरण दिया गया है। उनके पास कुल 15.76 करोड़ रुपये की संपत्ति है, जिसमें 15.51 करोड़ रुपये की चल और 25 लाख रुपये की अचल संपत्ति शामिल है।

बैंक बैलेंस, गाड़ियां और आभूषण

विजय के पास करीब 2 लाख रुपये नकद और विभिन्न बैंक खातों में 213 करोड़ रुपये जमा हैं। इसके अलावा उनके पास बीएमडब्ल्यू 530, टोयोटा लेक्सस, टोयोटा वेलफायर और बीएमडब्ल्यू आई7 जैसी लग्जरी गाड़ियां हैं। आभूषणों में 883 ग्राम सोना और करीब 15 लाख रुपये मूल्य के चांदी के सामान शामिल हैं।

परिवार और ट्रस्ट को दिया करोड़ों का कर्ज

हलफनामे के अनुसार, विजय ने परिवार के सदस्यों और अन्य व्यक्तियों को बड़ी रकम कर्ज के रूप में दी है। इनमें पार्टी महासचिव एन आनंद को 3 करोड़ रुपये, पिता एस ए चंद्रशेखर को 3.02 करोड़ रुपये और मां शोभा शेखर को 8.71 लाख रुपये शामिल हैं। इसके अलावा ए एल पी एंटोनियस ब्रिटो और कोकिलाम्बल एजुकेशनल ट्रस्ट को 20-20 करोड़ रुपये तथा विद्या चैरिटेबल ट्रस्ट को 5.84 करोड़ रुपये दिए गए हैं। पत्नी संगीता को 12.60 करोड़ रुपये, बेटे जेसन संजय को 8.78 लाख रुपये और बेटी दिव्या साशा को 4.60 लाख रुपये उधार दिए गए हैं।

आपराधिक मामला नहीं, आय भी करोड़ों में

विजय ने हलफनामे में स्पष्ट किया है कि उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला लंबित नहीं है और न ही उन्हें किसी मामले में दोषी ठहराया गया है। वित्त वर्ष 2024-25 में उनकी कुल आय 184.53 करोड़ रुपये दर्ज की गई है।

शिक्षा और चुनावी मैदान

विजय ने बताया कि उन्होंने 1992 में चेन्नई के लोयोला कॉलेज से बीएससी की पढ़ाई बीच में छोड़ दी थी, जबकि 10वीं और 12वीं की पढ़ाई उन्होंने प्राइवेट माध्यम से पूरी की। वह 23 अप्रैल को तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में पेरम्बूर और तिरुचि पूर्व सीट से चुनाव मैदान में हैं।


Related posts