सिख बिना झुके, बिना डिगे अपने पथ पर आगे बढ़ता है, इसीलिए सरदार कहलाता है : मुख्यमंत्री
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खालसा पंथ के स्थापना दिवस और बैसाखी पर्व पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। याहियागंज स्थित गुरुद्वारे में रविवार को आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गुरू गोविंद सिंह जी ने 1699 में खालसा पंथ की स्थापना कर देश और धर्म की रक्षा का संदेश दिया था। सीएम योगी ने कहा कि गुरू गोविंद सिंह जी द्वारा खालसा पंथ की स्थापना करने का उद्देश्य था कि ”सकल जगत में खालसा पंथ जागे, जगे धर्म हिन्दू, सकल भंड भाजे।” गुरू गोविंद सिंह जी ने औरंगजेब के क्रूर शासन के खिलाफ पंज प्यारों के साथ खालसा पंथ की नींव रखी। मुख्यमंत्री ने गुरू गोविंद सिंह जी महाराज द्वारा स्थापित खालसा पंथ के 325 वर्षों की गौरवशाली यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि सिख समुदाय ने हर विपरीत परिस्थिति में अपने शौर्य और पराक्रम से देश-धर्म की रक्षा की। उन्होंने गुरू नानक देव जी से शुरू हुई सिख परंपरा को विश्व में अनुपम बताया।
हर भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत हैं गुरू गोविंद सिंह के उपदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब एक तरफ क्रूर औरंगजेब का शासन था, अत्याचार की पराकाष्ठा थी, जजियाकर के जरिए हिन्दुओं को पूरी तरह से इस्लाम में बदलने की क्रूर चाल थी, मंदिरों को तोड़ा जा रहा था और बहन बेटियों की इज्जत पर सरेआम हाथ डाला जा रहा था, उस समय अपने एक लाख शिष्यों के साथ देश और धर्म पर मंडरा रही इस ज्वलंत समस्या के खिलाफ प्रभावी शंखनाथ करने का कार्य दशमेश गुरू गोविंद सिंह जी महाराज ने किया।
उन्होंने इसका नाम खालसा रखा। खालसा का मतलब, ‘परमात्मा के विशेष जन, जो पूर्ण निर्मल मन से कार्य कर सकें।’ उनके उपदेश आज भी हमारे लिए प्रेरणा हैं। केवल सिखों के लिए नहीं बल्कि हर भारतीय के लिए प्रेरणा है। सीएम योगी ने कहा कि सिख कहीं भी होगा वह बिना झुके बिना डिगे अपने पथ पर आगे बढ़ता है इसीलिए सरदार कहलाता है।
मुख्यमंत्री ने पंजाब और तराई में हुए धर्मांतरण पर जताई चिंता
सीएम योगी ने तराई और पंजाब में हो रहे धर्मांतरण की घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि गुरू गोविंद सिंह जी ने बिना भेदभाव के पंज प्यारे चुने थे। गुरुद्वारों में आज भी हर व्यक्ति को बिना किसी भेदभाव के लंगर मिलता है, फिर भी धर्मांतरण की घटनाएं हो रही हैं। इसे रोकने और इसके कारणों का निवारण करने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने पंज प्यारों का जिक्र करते हुए बताया कि लाहौर के दयाराम, दिल्ली के धर्मदास, द्वारका के मोहकम चंद, जगन्नाथ पुरी के हिम्मत राय और बीदर के साहेब चंद के रूप में बिना किसी भेद-भाव के खालसा पंथ की स्थापना की गई थी।
इस अवसर पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, राज्यमंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख, विधान परिषद् सदस्य मुकेश शर्मा, उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य परविंदर सिंह, गुरुद्वारा साहिब याहियागंज के अध्यक्ष डॉ गुरमीत सिंह, सतनाम सिंह सेठी, मंजीत सिंह तलवार, डॉ अमरजीत सिंह, सुरेन्द्र पाल सिंह, दलजीत सिंह बग्गा, सतवीर सिंह सन्नी, प्रीत सिंह अरोड़ा सहित अन्य गणमान्य एवं बड़ी संख्या में सिख समुदाय के श्रद्धालुगण मौजूद रहे।