भारतीय रेलवे लगातार तकनीकी रूप से खुद को आधुनिक बना रहा है। हाईस्पीड ट्रेनों से लेकर स्मार्ट स्टेशनों तक, रेलवे का नेटवर्क अब दुनिया भर में चर्चा का विषय बन चुका है। विदेशी पर्यटक जब भारत आकर ट्रेनों में सफर करते हैं, तो सुविधाओं और संचालन व्यवस्था को देखकर हैरान रह जाते हैं। सोशल मीडिया पर ऐसे कई वीडियो सामने आते रहते हैं, जिनमें विदेशी सैलानी भारतीय रेलवे की तारीफ करते नजर आते हैं। इसी बीच, भारतीय रेल से जुड़ा एक ऐसा अनोखा सच भी है, जो आज भी यात्रियों को चौंका देता है।
क्यों दुनिया भर में मशहूर हैं भारतीय रेलवे स्टेशन
भारत में रेलवे स्टेशन सिर्फ सफर का जरिया नहीं, बल्कि अपनी अलग-अलग पहचान के लिए भी जाने जाते हैं। कहीं स्टेशन का नाम सिर्फ दो अक्षरों का है तो कहीं 28 अक्षरों तक लंबा। किसी स्टेशन पर प्लेटफॉर्म की संख्या रिकॉर्ड बनाती है तो कहीं प्लेटफॉर्म का न होना ही उसकी पहचान है। मुंबई का छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस अपनी विक्टोरियन गोथिक वास्तुकला के लिए विश्व प्रसिद्ध है, जबकि लखनऊ का चारबाग रेलवे स्टेशन अपनी शोरमुक्त इंजीनियरिंग के लिए जाना जाता है। यही विविधता भारतीय रेलवे को खास बनाती है।
किस रेलवे स्टेशन पर ट्रेन आते ही चली जाती है बिजली
सोशल मीडिया पर वायरल कई पोस्ट्स में दावा किया जाता है कि तमिलनाडु में चेन्नई के पास स्थित ताम्बरम रेलवे स्टेशन देश का इकलौता ऐसा स्टेशन है, जहां ट्रेन के गुजरते ही कुछ पलों के लिए बिजली गुल हो जाती है। प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्री अचानक अंधेरा होते देख चौंक जाते हैं और इसे रहस्यमयी मानने लगते हैं। कई लोग इसे तकनीकी खराबी समझते हैं, तो कुछ अजीब वजहें गिनाने लगते हैं।
ताम्बरम स्टेशन पर बिजली गुल होने की असली वजह
असल में, ताम्बरम स्टेशन पर लाइट गुल होने की वजह पूरी तरह तकनीकी है। यह इलाका दो अलग-अलग पावर सब-स्टेशनों के बीच स्थित न्यूट्रल सेक्शन में आता है। इस हिस्से में ओवरहेड इक्विपमेंट यानी OHE में करंट नहीं होता। जब लोकल ट्रेन एक पावर जोन से दूसरे पावर जोन में प्रवेश करती है, तो कुछ सेकंड के लिए बिजली सप्लाई बंद हो जाती है। इसी कारण प्लेटफॉर्म की लाइटें भी क्षणिक रूप से बुझ जाती हैं। हालांकि, एक्सप्रेस ट्रेनों पर इसका असर नहीं पड़ता, क्योंकि उनकी बिजली आपूर्ति की व्यवस्था अलग होती है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट्स और उपलब्ध रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है।
