घुंघचाई (पूरनपुर)। सोशल मीडिया पर शुरू हुई एक दोस्ती ने एक शादीशुदा महिला का घर उजाड़ दिया। फेसबुक पर युवक से बातचीत के बाद शुरू हुआ रिश्ता प्रेम प्रसंग में बदला और मामला तब गरमा गया, जब विवाहिता अपने प्रेमी के घर जा पहुंची। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मामला पुलिस तक जा पहुंचा।
फेसबुक से शुरू हुई दोस्ती, प्यार में बदला रिश्ता
थाना बरखेड़ा क्षेत्र की रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि करीब पांच साल पहले फेसबुक के जरिए उसकी घुंघचाई थाना क्षेत्र के एक युवक से बातचीत शुरू हुई थी। धीरे-धीरे यह दोस्ती गहरी होती चली गई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए।
डेढ़ साल पहले हुई शादी, आरोपों से बढ़ा विवाद
महिला के मुताबिक, करीब डेढ़ साल पहले उसके परिजनों ने उसकी शादी थाना न्यूरिया क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से कर दी। महिला का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसका पति आए दिन उसके साथ मारपीट करता रहा। इसी कारण वह बीते एक माह से मायके में रह रही थी।
अचानक प्रेमी के घर पहुंची महिला, मचा हड़कंप
बुधवार को महिला अचानक अपने प्रेमी के घर जा पहुंची। विवाहिता को इस हालत में देख प्रेमी के परिजनों में खलबली मच गई। सूचना मिलने पर महिला का पति भी मौके पर पहुंच गया और पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की।
थाने पहुंचा मामला, तीनों से की गई पूछताछ
शिकायत के बाद पुलिस ने महिला, उसके पति और कथित प्रेमी को थाने बुलाकर पूछताछ शुरू की। इस दौरान महिला ने साफ कहा कि वह अपने प्रेमी से शादी कर उसके साथ ही रहना चाहती है और इसी जिद पर अड़ी हुई है।
प्रेमी ने रिश्ते से किया इनकार, जांच जारी
पुलिस के मुताबिक, जिस युवक के घर महिला पहुंची थी, उसने प्रेम प्रसंग की बात से इनकार किया है। दारोगा अहमद अली ने बताया कि महिला के परिजनों को थाने बुलाया गया है और पूरे मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।
