यूपी की इंटरनेशनल फिल्म सिटी में पहली शूटिंग, ‘मॉम-2’ से होगा आगाज, 20 दिन में तैयार होगा सेट

लखनऊ/ग्रेटर नोएडा, 5 फरवरी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट ‘इंटरनेशनल फिल्म सिटी’ ने अब रफ्तार पकड़ ली है। गौतमबुद्ध नगर के जेवर क्षेत्र में विकसित की जा रही उत्तर प्रदेश की पहली इंटरनेशनल फिल्म सिटी में पहली शूटिंग के रूप में फिल्म ‘मॉम-2’ का फिल्मांकन होने जा रहा है। फिल्म सिटी परिसर में शूटिंग को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और जमीन की लैंड मैपिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है।

अधिकारियों के अनुसार, लैंड मैपिंग पूरी होने के बाद करीब 20 दिनों के भीतर शूटिंग सेट तैयार कर लिया जाएगा। इसके बाद फरवरी के अंत या मार्च की शुरुआत में फिल्म की शूटिंग शुरू होने की संभावना है।

बोनी कपूर-भूटानी ग्रुप कर रहे हैं प्रोजेक्ट का विकास

इंटरनेशनल फिल्म सिटी प्रोजेक्ट का कार्य बॉलीवुड के मशहूर निर्माता बोनी कपूर और भूटानी ग्रुप को संयुक्त रूप से सौंपा गया है। दोनों के ज्वाइंट वेंचर ‘बेव्यू भूटानी फिल्म सिटी प्राइवेट लिमिटेड’ ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के साथ एग्रीमेंट साइन किया है। यीडा द्वारा लेआउट प्लान को मंजूरी मिलने के बाद पहले चरण की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

शूटिंग के साथ शुरू होगा फिल्म सिटी का निर्माण कार्य

बेव्यू भूटानी फिल्म सिटी प्रोजेक्ट के जीएम राजीव अरोड़ा ने बताया कि शूटिंग की तैयारियों के साथ-साथ फिल्म सिटी के निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। लैंड मैपिंग पूरी होते ही सेट निर्माण का कार्य तेज कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही सीएम योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर कमलों से फिल्म सिटी का विधिवत शुभारंभ होने की संभावना है।

यूपी को एंटरटेनमेंट हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम

बोनी कपूर की कंपनी ने वर्ष 2017 में रिलीज हुई फिल्म ‘मॉम’ का निर्माण किया था और अब इसके दूसरे भाग की शूटिंग उत्तर प्रदेश में करने का निर्णय लिया गया है। इंटरनेशनल फिल्म सिटी यमुना एक्सप्रेसवे के सेक्टर-21 में विकसित की जा रही है। जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास स्थित यह फिल्म सिटी आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और बेहतर कनेक्टिविटी के साथ यूपी को फिल्म, ओटीटी और वेब सीरीज़ इंडस्ट्री का राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय केंद्र बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभाएगी। उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि ‘मॉम-2’ की शूटिंग से पहले ही यूपी की फिल्म पॉलिसी पर फिल्म इंडस्ट्री का भरोसा और मजबूत हुआ है।

Related posts