नई दिल्ली। देश की प्रमुख वाहन निर्माता टाटा मोटर्स अपने इलेक्ट्रिक पोर्टफोलियो को और मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। इसी कड़ी में कंपनी जल्द ही अपनी पॉपुलर कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक SUV Tata Punch EV के फेसलिफ्ट वर्जन को बाजार में उतार सकती है। मौजूदा मॉडल की तुलना में इस नए अवतार में डिजाइन से लेकर फीचर्स तक कई अहम बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
जल्द हो सकती है Tata Punch EV Facelift की एंट्री
रिपोर्ट्स के मुताबिक टाटा मोटर्स Tata Punch EV Facelift को भारतीय बाजार में जल्द लॉन्च कर सकती है। हालांकि कंपनी की ओर से अब तक आधिकारिक तारीख का ऐलान नहीं किया गया है, लेकिन ऑटो इंडस्ट्री में इसे लेकर तैयारियां तेज मानी जा रही हैं।
एक्सटीरियर और इंटीरियर में दिखेंगे बड़े अपडेट
जानकारी के अनुसार फेसलिफ्ट वर्जन में Punch EV को ICE वेरिएंट की तर्ज पर अपडेट किया जा सकता है। इसमें नई कनेक्टेड LED लाइट्स दी जा सकती हैं। केबिन की बात करें तो बड़ा 12.3 इंच का इंफोटेनमेंट सिस्टम, अपडेटेड कनेक्टिविटी फीचर्स और पहले से ज्यादा प्रीमियम फील मिलने की उम्मीद है।
ADAS समेत कई प्रीमियम फीचर्स हो सकते हैं शामिल
फेसलिफ्ट मॉडल में Tata Punch EV को सेगमेंट में और मजबूत बनाने के लिए कई एडवांस फीचर्स जोड़े जा सकते हैं। इसमें ADAS टेक्नोलॉजी, एंबिएंट लाइटिंग, 360 डिग्री कैमरा और वेंटिलेटेड सीट्स जैसे फीचर्स शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
रेंज और पावर में नहीं होगा बड़ा बदलाव
Punch EV Facelift में कंपनी 25 kWh और 35 kWh बैटरी पैक के विकल्प पहले की तरह ही दे सकती है। इससे इलेक्ट्रिक SUV को अधिकतम 365 किलोमीटर तक की रेंज मिलने की उम्मीद है। मोटर सेटअप में भी किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है और यह 82 हॉर्सपावर की ताकत और 114 न्यूटन मीटर का टॉर्क जनरेट कर सकती है।
20 फरवरी को हो सकता है आधिकारिक लॉन्च
हालांकि टाटा मोटर्स ने लॉन्च डेट को लेकर कोई पुष्टि नहीं की है, लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि Tata Punch EV Facelift को 20 फरवरी को आधिकारिक तौर पर पेश किया जा सकता है।
कीमत को लेकर क्या है उम्मीद
फिलहाल Tata Punch EV की एक्स-शोरूम कीमत 9.99 लाख रुपये से शुरू होकर 14.44 लाख रुपये तक जाती है। फेसलिफ्ट वर्जन की कीमत लॉन्च के समय ही सामने आएगी, लेकिन माना जा रहा है कि बेस वेरिएंट की कीमत मौजूदा मॉडल के आसपास ही रखी जा सकती है, जबकि टॉप वेरिएंट्स में हल्का इजाफा संभव है।
