नागपुर में सनसनी: प्रेमिका ने पति के साथ मिलकर प्रेमी को उतारा मौत के घाट, बीच सड़क पर चाकू से ताबड़तोड़ वार

नागपुर: जिले के खापरखेड़ा इलाके में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज हत्या ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। खापरखेड़ा-कोराडी रोड पर एक पति-पत्नी ने मिलकर एक युवक पर धारदार चाकू से कई वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी महिला के बीच प्रेम संबंध थे। मृतक की पहचान सागर वानखेडे के रूप में हुई है, जो पुणे में नौकरी करता था और होली मनाने के लिए अपने घर नागपुर आया हुआ था। घटना के बाद पुलिस ने हत्या के आरोप में पति राजू गजभिये और उसकी पत्नी सोनाली गजभिये को गिरफ्तार कर लिया है।

पढ़ाई के समय से था दोनों के बीच प्रेम संबंध

पुलिस के अनुसार सोनाली और सागर के बीच पढ़ाई के समय से ही प्रेम संबंध थे। बाद में सोनाली की शादी राजू गजभिये से हो गई और उनके दो बच्चे भी हैं, लेकिन शादी के बाद भी सोनाली और सागर के बीच संपर्क बना रहा। इस बात को लेकर पहले भी राजू गजभिये ने खापरखेड़ा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। बताया जा रहा है कि होली मनाने के लिए सागर पुणे से अपने गांव सावंगी आया था। इसी दौरान उसने सोशल मीडिया के जरिए सोनाली को संदेश भेजकर मिलने के लिए बुलाया। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे सागर खापरखेड़ा पहुंचा, जहां श्याम मंगल कार्यालय के पास सोनाली उसकी बाइक पर बैठकर निकल गई। इस दौरान सोनाली अपने साथ एक चाकू भी लेकर गई थी।

प्लान के तहत रास्ते में रुकवाकर किया हमला

बताया जा रहा है कि राजू गजभिये बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद दोनों के पीछे निकल पड़ा। खापरखेड़ा-कोराडी रोड पर कोलार नदी का पुल पार करने के बाद सोनाली ने जानबूझकर अपना पर्स नीचे गिरा दिया। जैसे ही सागर बाइक रोककर पर्स उठाने लगा, सोनाली ने चाकू निकालकर उस पर दो वार कर दिए। उसी समय वहां पहुंचे राजू गजभिये ने भी सागर पर ताबड़तोड़ कई वार किए। गंभीर हमले के कारण सागर की मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के बाद घर लौटे, रास्ते में पुलिस ने पकड़ा

हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी पति-पत्नी घर लौट गए। बाद में वे पुलिस स्टेशन में सरेंडर करने जा रहे थे, तभी पुलिस टीम ने रास्ते में ही दोनों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने हत्या की बात कबूल कर ली है। सागर के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागपुर के सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है। कोराडी पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद खापरखेड़ा और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है।


Related posts