देश में तेज और भरोसेमंद डिलीवरी सेवा को मजबूत करने के लिए डाक विभाग नई पहल करने जा रहा है। 17 मार्च 2026 से ‘24 स्पीड पोस्ट’ नाम की नई सेवा शुरू की जाएगी, जिसके तहत पार्सल को अगले ही दिन गंतव्य तक पहुंचाने की गारंटी दी जाएगी। इस सेवा की औपचारिक शुरुआत केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और संचार राज्य मंत्री डॉ. चंद्र शेखर पेम्मासानी द्वारा दिल्ली के आकाशवाणी भवन स्थित रंगभवन सभागार में दोपहर 12:30 बजे की जाएगी।
नई सेवा का उद्देश्य तत्काल और समयबद्ध शिपमेंट की सुविधा देना है। इसके तहत अगर कोई व्यक्ति आज अपना पार्सल भेजता है तो उसे अगले दिन तक पहुंचाने की गारंटी दी जाएगी।
पहले चरण में इन शहरों में शुरू होगी सेवा
डाक विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, इस सेवा को शुरुआती चरण में कुछ बड़े शहरों में ही शुरू किया जाएगा। इनमें दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद शामिल हैं।
इसके साथ ही 24 और 48 स्पीड पोस्ट सेवाओं के तहत समर्पित प्रोसेसिंग विंडो और प्राथमिकता वाले हवाई परिवहन के माध्यम से डिलीवरी सुनिश्चित की जाएगी। इस व्यवस्था के तहत पार्सल को 24 घंटे या 48 घंटे के भीतर गंतव्य तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
कमर्शियल ग्राहकों को मिलेंगी कई अतिरिक्त सुविधाएं
नई सेवा में व्यावसायिक ग्राहकों के लिए कई विशेष सुविधाएं भी दी जाएंगी। इनमें बल्क बुकिंग के लिए मुफ्त पिकअप, बीएनपीएल सुविधा, एपीआई इंटीग्रेशन और केंद्रीकृत बिलिंग शामिल हैं।
इसके अलावा पार्सल की सुरक्षा और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए ओटीपी आधारित सुरक्षित डिलीवरी, एसएमएस अलर्ट और एंड-टू-एंड ट्रैकिंग की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इससे ग्राहक अपने पार्सल की पूरी जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।
समय पर डिलीवरी नहीं हुई तो मिलेगा पैसा वापस
इस नई सेवा की सबसे खास बात मनी-बैक गारंटी है। अगर किसी कारण से पार्सल तय समय पर नहीं पहुंचता है, तो ग्राहक से ली गई सेवा शुल्क की राशि वापस कर दी जाएगी।
डाक विभाग का मानना है कि इस पहल से प्रीमियम एक्सप्रेस डिलीवरी सेवाओं को और मजबूत किया जा सकेगा। साथ ही आम लोगों और व्यवसायों को एक से दो दिन के भीतर भरोसेमंद और तेज कुरियर सेवा उपलब्ध हो सकेगी।
