मुंगेरी के भाई बनकर घर-घर छाए थे राजपाल यादव, 27 साल पुराने शो को IMDb पर 8.8 रेटिंग, भीड़ लगाती थी ‘नौरंगी’ के नारे

हिंदी सिनेमा के चर्चित कॉेडी कलाकार राजपाल यादव अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग और अलग अंदाज के लिए पहचाने जाते हैं। हालांकि फरवरी 2026 की शुरुआत उनके लिए कानूनी चुनौतियों से भरी रही, जब चेक बाउंस के एक पुराने मामले में उन्हें तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण करना पड़ा। इस मुश्किल वक्त में सलमान खान, सोनू सूद और अजय देवगन जैसे दिग्गज उनके समर्थन में खड़े नजर आए। 17 फरवरी को भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए मिली अस्थायी जमानत के बाद उन्होंने रिहाई के तुरंत बाद मुंबई में अपनी आगामी फिल्म वेलकम टू द जंगल की शूटिंग शुरू कर दी।

दूरदर्शन के दौर में मिला बड़ा ब्रेक

राजपाल यादव के करियर की मजबूत नींव 90 के दशक के आखिर में पड़ी। साल 1999 में निर्देशक प्रकाश झा के शो मुंगेरी के भाई नौरंगीलाल ने उन्हें घर-घर पहचान दिलाई। यह चर्चित धारावाहिक मुंगेरीलाल के हसीन सपने का सीक्वल था। IMDb पर 8.8 की शानदार रेटिंग पाने वाले इस शो में राजपाल ने मुंगेरीलाल के छोटे भाई का किरदार निभाया, जो अपने बड़े भाई की तरह ही हसीन और मजेदार सपने देखता था।

इस शो की लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि रघुबीर यादव और राजू श्रीवास्तव जैसे स्थापित कलाकारों के बीच भी राजपाल ने अपनी अलग पहचान बनाई।

जब ‘नौरंगी’ के नाम से गूंज उठा सेट

राजपाल यादव ने एक दिलचस्प किस्सा साझा किया था। 1999 में जब वे फिल्म शूल की शूटिंग कर रहे थे, तब सेट पर मनोज बाजपेयी और रवीना टंडन जैसे बड़े सितारे मौजूद थे। लेकिन वहां जुटी भीड़ ने मुख्य कलाकारों के बजाय राजपाल को देखकर ‘नौरंगी! नौरंगी!’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। उस समय उनका टीवी किरदार इतना लोकप्रिय था कि लोग उन्हें उनके असली नाम से ज्यादा उसी नाम से पुकारते थे।

इसी शो के एक एपिसोड में उन्होंने चाची 420 की तर्ज पर महिला का भेष भी धरा था, जो दर्शकों के बीच लंबे समय तक चर्चा में रहा।

पर्दे की पिटाई देख रो पड़ी थीं मां

राजपाल यादव ने एक भावुक घटना का जिक्र भी किया था। ‘मुंगेरी के भाई नौरंगीलाल’ के एक सीन में स्क्रिप्ट के अनुसार उन्हें कई थप्पड़ खाने पड़े थे। जब यह एपिसोड टीवी पर प्रसारित हुआ तो उनकी मां यह दृश्य देखकर विचलित हो गईं और रोते हुए कमरे से बाहर चली गईं। बाद में राजपाल को उन्हें समझाना पड़ा कि यह सब अभिनय का हिस्सा था और उन्हें वास्तव में कोई चोट नहीं लगी।

कानूनी विवाद के बीच काम के प्रति समर्पण

9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में उनकी कानूनी प्रक्रिया जारी है और अगली सुनवाई 18 मार्च 2026 को निर्धारित है। हालांकि जेल की सलाखों ने कुछ समय के लिए उन्हें काम से दूर जरूर किया, लेकिन उनके भीतर का कलाकार लगातार सक्रिय रहा। जमानत मिलते ही उन्होंने पहले पारिवारिक जिम्मेदारी निभाई और फिर फिल्म सेट पर लौट आए। ‘वेलकम टू द जंगल’ की शूटिंग शुरू करना इस बात का संकेत है कि विवादों के बावजूद उनका फोकस अपने काम और दर्शकों के मनोरंजन पर ही है।

Related posts