पीएम मोदी का मलेशिया दौरा आज, 800 से ज्यादा कलाकारों के मेगा डांस से बनेगा रिकॉर्ड, होगा भव्य स्वागत

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से दो दिवसीय मलेशिया दौरे पर रहेंगे। 7 और 8 फरवरी को होने वाले इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहीम के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे, जिसमें रक्षा और व्यापार सहयोग से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। दौरे के दौरान पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया जाएगा, जहां भारतीय प्रवासी समुदाय एक ऐतिहासिक सांस्कृतिक प्रस्तुति के जरिए मलेशियाई बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज होने की तैयारी में है।

‘सेलामत दातांग मोदी जी’ कार्यक्रम में होगा ऐतिहासिक स्वागत
प्रधानमंत्री मोदी शनिवार दोपहर कुआलालंपुर पहुंचेंगे और शाम को भारतीय प्रवासियों को संबोधित करेंगे। उनके स्वागत के लिए आयोजित ‘सेलामत दातांग मोदी जी’ सामुदायिक समारोह में करीब 15 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसी कार्यक्रम के दौरान विशाल नृत्य प्रस्तुति के जरिए रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जाएगा।

800 से अधिक कलाकार एक साथ करेंगे नृत्य प्रदर्शन
इस भव्य आयोजन में 800 से ज्यादा कलाकार एक साथ एकल नृत्य प्रदर्शन करेंगे। आयोजकों के अनुसार यह ‘भारतीय शास्त्रीय और लोक नृत्य शैलियों का सबसे बड़ा सामूहिक प्रदर्शन’ होगा। यह नृत्य करीब पांच मिनट का होगा, जिसमें भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई देगी।

शास्त्रीय और लोक नृत्यों का अनूठा संगम
नृत्य प्रस्तुति में भरतनाट्यम, ओडिसी, कथक, कथकली, मोहिनियाट्टम और कुचिपुड़ी जैसी शास्त्रीय शैलियों के साथ यक्षगान, लावणी, पंजाबी, राजस्थानी, ओडिया, बिहू, तमिल लोक सहित कई क्षेत्रीय लोक नृत्य शामिल होंगे। यह प्रदर्शन भारतीय संस्कृति की विविधता और एकता को मंच पर जीवंत करेगा।

भारतीय समुदाय की बड़ी भागीदारी
मलेशिया में भारत के उच्चायुक्त बी.एन. रेड्डी ने बताया कि मलेशिया में भारतीय मूल के लोगों की दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी आबादी है और यह भारतीय प्रवासी समुदाय के लिहाज से तीसरा सबसे बड़ा देश है। उन्होंने कहा कि ‘सेलामत दातांग मोदी जी’ का अर्थ ‘स्वागत है मोदी जी’ होता है, जो भारतीय समुदाय की गर्मजोशी और एकजुटता को दर्शाता है।

रक्षा और व्यापार सहयोग पर होगी अहम बातचीत
विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस दौरे के दौरान भारत और मलेशिया के बीच रक्षा सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा होगी। इसमें डॉर्नियर विमान की बिक्री, स्कॉर्पीन पनडुब्बियों और एसयू-30 लड़ाकू विमानों के रखरखाव से जुड़े प्रस्ताव शामिल हैं। इसके अलावा पीएम मोदी भारतीय प्रवासियों और व्यापारिक प्रतिनिधियों के साथ भी संवाद करेंगे।

भारत-मलेशिया रिश्तों में अहम पड़ाव
मलेशिया भारत के लिए आसियान और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदार है और भारत की ‘एक्ट ईस्ट नीति’ का प्रमुख स्तंभ माना जाता है। यह प्रधानमंत्री मोदी का तीसरा मलेशिया दौरा है और अगस्त 2024 में द्विपक्षीय संबंधों को ‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ का दर्जा दिए जाने के बाद यह उनका पहला दौरा है।

Related posts