नई दिल्ली। बदलती लाइफस्टाइल, स्ट्रेस और खानपान की गड़बड़ी का असर सबसे पहले बालों पर दिखता है। बालों का झड़ना, पतला होना और समय से पहले सफेद होना आज आम समस्या बन चुकी है। अगर समय रहते हेयर फॉल को कंट्रोल न किया जाए तो यह गंजेपन की वजह भी बन सकता है। ऐसे में घरेलू नुस्खों में प्याज को बालों के लिए बेहद असरदार माना जाता है। प्याज का रस और प्याज का तेल, दोनों ही बालों को मजबूत बनाने और नई ग्रोथ में मदद करते हैं।
बालों के लिए क्यों फायदेमंद है प्याज
प्याज में सल्फर की भरपूर मात्रा पाई जाती है, जो स्कैल्प में कोलेजन प्रोडक्शन बढ़ाने में मदद करता है। इससे हेयर फॉलिकल्स मजबूत होते हैं और बालों का झड़ना कम होता है। नियमित इस्तेमाल से बाल पतले होने से बचते हैं और घनापन बढ़ता है।
प्याज का रस लगाने से मिलते हैं ये फायदे
प्याज का रस बालों की जड़ों तक पोषण पहुंचाता है। इससे हेयर फॉल कम होता है और नए बाल उगने लगते हैं। प्याज में मौजूद एंटीमाइक्रोबियल तत्व स्कैल्प इंफेक्शन को दूर करने में मदद करते हैं। रस से मसाज करने पर डैंड्रफ की समस्या भी कम होती है। स्कैल्प में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होने से हेयर ग्रोथ तेज होती है। हफ्ते में 3-4 बार प्याज का रस लगाने से बालों की मजबूती साफ नजर आने लगती है।
प्याज का तेल कैसे करता है बालों को मजबूत
प्याज का तेल बालों को जड़ों से पोषण देता है और उन्हें टूटने से बचाता है। इसमें मौजूद एंजाइम्स बालों की ग्रोथ को बढ़ावा देते हैं। नियमित तेल मालिश से बाल मोटे और घने होते हैं। सफेद बालों की समस्या भी धीरे-धीरे कम हो सकती है। इसके अलावा यह स्कैल्प के पीएच लेवल को बैलेंस करता है और नेचुरल कंडीशनर की तरह काम करता है, जिससे बाल मुलायम और चमकदार बनते हैं।
घर पर ऐसे बनाएं प्याज का तेल
घर पर प्याज का तेल बनाना बेहद आसान है। इसके लिए करीब 200 ग्राम नारियल तेल लें। इसमें एक बड़ा बारीक कटा प्याज और एक कप करी पत्ता डालकर धीमी आंच पर उबालें। चाहें तो प्याज का पेस्ट भी इस्तेमाल कर सकते हैं। 5 से 10 मिनट उबालने के बाद तेल ठंडा कर छान लें और किसी बोतल में भरकर रख लें। इस तेल को शैंपू से पहले कम से कम एक घंटे तक बालों में लगाएं।
प्याज का रस निकालने का सही तरीका
प्याज को मिक्सर में डालकर अच्छी तरह पीस लें। तैयार पेस्ट को सूती कपड़े या छन्नी की मदद से छानकर रस निकाल लें। इस रस को उंगलियों से स्कैल्प पर अच्छी तरह लगाएं और हल्की मसाज करें। नियमित इस्तेमाल से बालों का झड़ना काफी हद तक कम हो सकता है।
