नई दिल्ली। हर रिश्ता परफेक्ट नहीं होता, लेकिन कुछ रिश्ते ऐसे जरूर होते हैं जो मुश्किल वक्त में भी सुकून देते हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह होता है एक इमोशनली इंटेलिजेंट पार्टनर। ऐसा पार्टनर न तो हमेशा सही होता है और न ही कभी गुस्सा न करने का दावा करता है, बल्कि वह अपनी और आपके जज़्बातों को समझने और संभालने की काबिलियत रखता है। अगर आपके पार्टनर में नीचे बताई गई ये 5 खूबियां नजर आती हैं, तो यकीनन आप बेहद लकी हैं।
अनकही बातों को भी समझने की काबिलियत
भावनात्मक रूप से समझदार पार्टनर सिर्फ शब्दों पर नहीं, बल्कि आपके हाव-भाव, आवाज़ और खामोशी पर भी ध्यान देता है। अगर आप कहते हैं कि सब ठीक है, लेकिन चेहरे पर उदासी है, तो वह इसे नज़रअंदाज़ नहीं करता। ऐसे लोग जानते हैं कि कई बार इंसान बिना बोले ही बहुत कुछ कह जाता है और उसी को समझना रिश्ते की असली कसौटी होती है।
झगड़े में जीत नहीं, समाधान को देते हैं प्राथमिकता
हर रिश्ते में मतभेद और बहस होना स्वाभाविक है, लेकिन इमोशनली इंटेलिजेंट पार्टनर का मकसद बहस जीतना नहीं होता। वे मुद्दे को सुलझाने पर ध्यान देते हैं, न कि सामने वाले को नीचा दिखाने पर। पुरानी बातें उछालना, ताने मारना या अहंकार दिखाना उनके स्वभाव में नहीं होता। उनके लिए सबसे अहम होता है रिश्ता, न कि ईगो।
गलती मानने से नहीं कतराते
अपनी गलती स्वीकार करना हर किसी के बस की बात नहीं होती। लेकिन जो पार्टनर भावनात्मक रूप से मजबूत होते हैं, वे बिना बहाने बनाए ‘सॉरी’ कहने में हिचकिचाते नहीं। वे जिम्मेदारी लेना जानते हैं और गलती का ठीकरा दूसरों पर नहीं फोड़ते। उन्हें भरोसा होता है कि माफी मांगने से इंसान छोटा नहीं, बल्कि बड़ा बनता है।
सिर्फ सुनते नहीं, समझते भी हैं
आज के दौर में सच्चा श्रोता मिलना बेहद मुश्किल है। ज्यादातर लोग जवाब देने के लिए सुनते हैं, लेकिन एक इमोशनली इंटेलिजेंट पार्टनर बिना टोके, बिना जज किए आपकी बात सुनता है। जब आपको सिर्फ दिल हल्का करना होता है, तब वह बिना बेवजह सलाह दिए आपका सहारा बनता है। कई बार उनका शांत होकर सुन लेना ही सबसे बड़ी राहत बन जाता है।
भावनाओं का मज़ाक नहीं उड़ाते
आपकी परेशानी चाहे उन्हें छोटी लगे, लेकिन वे उसे कभी ड्रामा या ओवररिएक्शन कहकर खारिज नहीं करते। वे आपकी भावनाओं की इज्जत करते हैं और यह समझते हैं कि हर इंसान चीज़ों को अलग तरह से महसूस करता है। वे आपको बदलने की कोशिश नहीं करते, बल्कि जैसे आप हैं, वैसे ही अपनाते हैं।
परफेक्शन किसी इंसान में नहीं होता, लेकिन अगर आपके पार्टनर में ये खूबियां हैं, तो आपका रिश्ता मजबूत नींव पर टिका है। ऐसे लोग रिश्ते को बोझ नहीं, बल्कि सुकून बना देते हैं। अगर आपकी ज़िंदगी में ऐसा पार्टनर है, तो उनकी अहमियत जरूर समझें।
