आगरा रहा सबसे गर्म सप्ताह के आखिर में बदलेगा मौसम
लखनऊ। प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी है। शुक्रवार को भी मौसम गर्म रहा और अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। जबकि आगरा में पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने सप्ताहांत में राज्य भर में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, आगरा 45 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य में सबसे गर्म स्थान रहा इसके बाद झांसी में तापमान 44.9 डिग्री, बांदा में 44.6, कानपुर में पारा 44.5 और लखनऊ में अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कहा कि शनिवार को भी शहर में गर्मी का यही हाल रहने का अनुमान है। पश्चिमी उप्र में कई स्थानों पर लू चलने की चेतावनी भी जारी की गई है।
उत्तर-पश्चिम भारत में 25 जून तक पहुंच सकता है मानसून
नयी दिल्ली। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि इस सप्ताह फिर से गति पकड़ने वाले दक्षिण-पश्चिम मानसून के सामान्य तिथियों से काफी पहले 25 जून तक दिल्ली सहित उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकतर भागों में पहुंचने की उम्मीद है। मानसून के 27 जून की सामान्य शुरुआत की तारीख से पहले 22-23 जून तक दिल्ली पहुंचने की संभावना है।
यह भी पढ़ें : इजराइल ने ईरान पर किया हमला, तेहरान के आसपास 6 सैन्य ठिकानों को बनाया निशाना