नई दिल्ली। अमेरिका के साथ ट्रेड डील फाइनल होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे भारत की बड़ी कूटनीतिक सफलता बताया है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने धैर्य रखा और उसी का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वैश्विक व्यवस्था बदल रही है और यह बदलाव भारत के पक्ष में हो रहा है। अमेरिका की ओर से भारत पर लगाए गए रेसिप्रोकल टैरिफ में कटौती को इसी बदले हुए वर्ल्ड ऑर्डर का संकेत बताया जा रहा है।
2 फरवरी की देर रात अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की कि भारत से आयात होने वाले उत्पादों पर लगाया गया रेसिप्रोकल टैरिफ 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है। इस फैसले को दोनों देशों के बीच मजबूत होते आर्थिक और रणनीतिक संबंधों के तौर पर देखा जा रहा है।
ट्रंप और मोदी के बीच हुई सीधी बातचीत
टैरिफ में कटौती से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच बातचीत हुई थी। ट्रंप ने पीएम मोदी को अपना अच्छा दोस्त बताते हुए कहा कि वह भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक रिश्तों को और मजबूत करना चाहते हैं। उन्होंने दोनों देशों के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने की इच्छा भी जताई।
ट्रूथ सोशल पर ट्रंप का बयान
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर लिखा कि अब अमेरिका भारत से आयात पर कम टैरिफ लगाएगा और इसके बदले भारत भी अमेरिका से आने वाले सामान पर अपने टैरिफ को धीरे-धीरे कम करेगा। इस बयान के साथ दोनों देशों के बीच ट्रेड बैलेंस को लेकर नई दिशा के संकेत मिले हैं।
पीएम मोदी ने क्या कहा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आज मेरे प्रिय मित्र राष्ट्रपति ट्रम्प से बात करके बहुत अच्छा लगा। यह जानकर बेहद खुशी हुई कि अब भारत में निर्मित उत्पादों पर टैरिफ घटकर 18 प्रतिशत हो जाएगा। इस शानदार घोषणा के लिए भारत की जनता की ओर से राष्ट्रपति ट्रम्प को बहुत-बहुत धन्यवाद।” पीएम मोदी ने इसे भारत के लिए सकारात्मक और दूरगामी परिणाम देने वाला कदम बताया।
50 नहीं, अब सिर्फ 18 फीसदी टैरिफ
ट्रेड डील के बाद अमेरिका की ओर से भारत पर लगाया जाने वाला कुल टैरिफ अब 18 प्रतिशत रह गया है। दरअसल, रेसिप्रोकल टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत किया गया है। इसके साथ ही रूस से तेल खरीदी को लेकर लगाया गया अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ भी समाप्त कर दिया गया है। व्हाइट हाउस की ओर से इस पर स्थिति स्पष्ट की गई है।
