नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के समयपुर बादली इलाके में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। एक सब्जी विक्रेता ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और तीन मासूम बेटियों की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस को मिली।
पुलिस जब चंदन विहार स्थित किराए के मकान में पहुंची तो कमरे के भीतर चार शव पड़े थे। दृश्य इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए।
पत्नी और तीन मासूम बेटियों की बेरहमी से हत्या
मृतकों की पहचान अनीता (30 वर्ष) और उसकी तीन बेटियों (उम्र 5, 4 और 3 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी के शव कमरे में खून से लथपथ हालत में मिले। हत्या धारदार हथियार से की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी पति मंचुन केवट वारदात के बाद से फरार है। वह आजादपुर मंडी में अदरक बेचने का काम करता है। परिवार मूल रूप से बिहार के पटना जिले का रहने वाला था और दिल्ली में किराए के मकान में रह रहा था।
CCTV में सुबह 5 बजे भागता दिखा आरोपी
मामले में दिल्ली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। जांच के दौरान सामने आया है कि आरोपी को सुबह करीब 5 बजे इलाके से भागते हुए सीसीटीवी कैमरों में देखा गया।
पुलिस के मुताबिक उसकी आखिरी लोकेशन जहांगीरपुरी क्षेत्र में मिली, जिसके बाद उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।
पड़ोसियों ने क्या बताया?
ऊपरी मंजिल पर रहने वाली एक महिला ने बताया कि रात करीब 1:30 बजे तक सब कुछ सामान्य था और किसी तरह की चीख-पुकार सुनाई नहीं दी। एक अन्य पड़ोसन ने बताया कि शुरुआती दिनों में पति-पत्नी के बीच झगड़े होते थे और मारपीट की घटनाएं भी हुई थीं, लेकिन हाल के दिनों में स्थिति सामान्य लग रही थी।
इस सामूहिक हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया है। पुलिस वारदात के पीछे के कारणों की गहन जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।
