Honda ने Dio 125 X-Edition और Shine 125 Limited Edition किया लॉन्च, जानें नए अपडेट्स और कीमत

नई दिल्ली। दोपहिया वाहन बाजार में अपनी मजबूत मौजूदगी रखने वाली होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (HMSI) ने भारतीय ग्राहकों के लिए Honda Dio 125 का नया X-Edition और Honda Shine 125 का Limited Edition लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इन दोनों मॉडलों को खास डिजाइन अपडेट्स के साथ पेश किया है, ताकि युवाओं से लेकर डेली कम्यूटर तक सभी वर्गों को आकर्षित किया जा सके।

एक साथ लॉन्च हुए दो स्पेशल एडिशन
होंडा ने अपनी लोकप्रिय 125cc सेगमेंट की पेशकश को और मजबूत करते हुए Shine 125 का Limited Edition और Dio 125 का X-Edition बाजार में उतारा है। कंपनी का दावा है कि नए डिजाइन और स्टाइलिंग अपडेट्स के चलते ये दोनों मॉडल पहले से ज्यादा आकर्षक और प्रीमियम नजर आते हैं।

डिजाइन में क्या-क्या बदला
Honda Dio 125 X-Edition को मैट फिनिश वाले अलॉय व्हील्स और खास X-Edition स्टिकर्स के साथ उतारा गया है, जो इसे स्पोर्टी और यूथफुल लुक देते हैं। वहीं Honda Shine 125 Limited Edition में पर्ल सायरन ब्लू कलर स्कीम दी गई है, जिसके साथ पाइराइट ब्राउन फिनिश वाले अलॉय व्हील्स जोड़े गए हैं। इन बदलावों से शाइन 125 का लुक ज्यादा एलिगेंट और क्लासिक नजर आता है।

होंडा अधिकारियों ने क्या कहा
होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया के सेल्स और मार्केटिंग डायरेक्टर योगेश माथुर ने कहा कि Dio 125 X-Edition को होंडा की जेन-जेड डिजाइन टीम ने तैयार किया है, जो युवा राइडर्स की सोच और उनकी अलग पहचान को दर्शाता है। वहीं Shine 125 Limited Edition को क्लीन और टाइमलेस डिजाइन के साथ पेश किया गया है, जो इसके सादे लेकिन परिष्कृत स्वरूप को और उभारता है। उनका कहना है कि इन नए एडिशन के जरिए होंडा का लक्ष्य स्टाइल, आराम और रोजमर्रा की सुरक्षा का संतुलन देना है, ताकि राइडर्स को सड़क पर आत्मविश्वास महसूस हो।

इंजन में कोई बदलाव नहीं
कंपनी ने साफ किया है कि दोनों मॉडलों के इंजन में किसी तरह का कोई बदलाव नहीं किया गया है। Honda Dio 125 और Shine 125 Limited Edition में पहले की तरह ही 125cc का भरोसेमंद इंजन दिया गया है, जो प्रदर्शन और माइलेज के संतुलन के लिए जाना जाता है।

जानिए क्या रखी गई कीमत
Honda Shine 125 Limited Edition की एक्स-शोरूम कीमत 86,211 रुपये तय की गई है। वहीं Honda Dio 125 X-Edition की एक्स-शोरूम कीमत 87,733 रुपये रखी गई है। कंपनी ने दोनों मॉडलों की बुकिंग शुरू कर दी है और ये जल्द ही देशभर के होंडा डीलरशिप्स पर उपलब्ध होंगे।


Related posts