उत्तर प्रदेश के मथुरा से बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मगोर्रा थाना क्षेत्र के डीग रोड पर नगला देविया नहर के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार सवार चारों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
मोड़ पर नहीं दिखी नहर, तेज रफ्तार बनी जानलेवा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में सवार राहुल (23), अमित (22), मोहित और उनका एक अन्य दोस्त मथुरा से राजस्थान के डींग लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि जब कार देविया क्षेत्र के पास पहुंची तो सड़क पर मोड़ होने के कारण नहर दिखाई नहीं दी। तेज रफ्तार के चलते चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे नहर में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद निकाली गई कार, चारों शव पोस्टमार्टम को भेजे गए
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर कार को नहर से बाहर निकाला गया। इसके बाद चारों युवकों के शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और मोड़ पर दृश्यता की कमी मानी जा रही है।
एसपी देहात ने दी जानकारी, जांच जारी
इस संबंध में एसपी देहात सुरेश चंद रावत ने बताया कि मगोर्रा थाना क्षेत्र के डीग रोड पर एक कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई थी, जिसमें सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद वाहन को बाहर निकाल लिया गया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
