नई दिल्ली। आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करने के बाद ओटीटी पर भी अपना दबदबा कायम रखा है। 30 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई यह फिल्म लगातार नंबर-1 ट्रेंड कर रही है। भारत के साथ-साथ पाकिस्तान में भी फिल्म टॉप पोजिशन पर बनी हुई है। इसी बीच मेकर्स ने ‘धुरंधर 2’ का धमाकेदार टीजर जारी कर दिया है, साथ ही फिल्म का पहला पोस्टर और ऑफिशियल टाइटल भी सामने आ चुका है।
नए प्लेटफॉर्म पर होगी ‘धुरंधर 2’ की ओटीटी एंट्री
‘धुरंधर 2’ का टाइटल ‘धुरंधर: द रिवेंज’ रखा गया है। इस बार फिल्म के ओटीटी रिलीज को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है। थिएटर्स के बाद यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर नहीं आएगी। मेकर्स ने साफ कर दिया है कि फिल्म का डिजिटल ठिकाना बदल गया है और इसकी स्ट्रीमिंग किसी दूसरे बड़े प्लेटफॉर्म पर होगी।
टीजर में दिखी ज्यादा खतरनाक और डार्क कहानी
‘धुरंधर: द रिवेंज’ के जारी टीजर ने फिल्म के टोन और स्केल का अंदाजा दे दिया है। इस बार कहानी और ज्यादा इंटेंस और खतरनाक नजर आ रही है। टीजर से संकेत मिलता है कि पार्ट 2 में रणवीर सिंह के किरदार ‘हम्जा’ के अतीत को गहराई से दिखाया जाएगा। यह बताया जाएगा कि वह कौन है, कहां से आया और उसका असली मकसद क्या है। टीजर के आखिरी हिस्से में ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ का मशहूर डायलॉग “ये नया हिंदुस्तान है, ये घर में घुसेगा भी और मारेगा भी” सुनाई देता है। हालांकि फिल्म का ‘उरी’ से सीधा कनेक्शन है या नहीं, इस पर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन आदित्य धर का विजन पहले से कहीं ज्यादा बड़ा और दमदार नजर आता है।
Netflix नहीं, JioHotstar ने खरीदे स्ट्रीमिंग राइट्स
टीजर और पोस्टर में दिए गए संकेतों से साफ हो गया है कि ‘धुरंधर 2’ के डिजिटल राइट्स जियो हॉटस्टार के पास हैं। इस बार नेटफ्लिक्स की जगह जियो हॉटस्टार पर फिल्म स्ट्रीम होगी। पोस्टर और टीजर में जियो हॉटस्टार के साथ स्टार गोल्ड का लोगो भी नजर आ रहा है, जिससे यह स्पष्ट है कि टीवी राइट्स स्टार गोल्ड और ओटीटी राइट्स जियो हॉटस्टार के पास हैं। हालांकि ओटीटी रिलीज डेट को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
थिएटर रिलीज डेट और स्टारकास्ट पर नजर
‘धुरंधर: द रिवेंज’ 19 मार्च 2019 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। बॉक्स ऑफिस पर इसकी सीधी टक्कर यश की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘टॉक्सिक’ से होगी। फिल्म में रणवीर सिंह लीड रोल में हैं, जबकि संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, अक्षय खन्ना और आर माधवन अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि पार्ट 2 में अक्षय खन्ना की मौजूदगी होगी या नहीं।
