विवादों के बीच सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म The Kerala Story 2: Goes Beyond बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पा रही है। होली के मौके पर छुट्टियों का फायदा मिलने के बावजूद फिल्म की कमाई में खास उछाल नहीं दिखा। रिलीज के छह दिनों में फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन करीब 20.15 करोड़ रुपये तक पहुंच पाया है।
ट्रेड पोर्टल Sacnilk के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक बुधवार यानी रिलीज के छठे दिन फिल्म ने लगभग 3.5 करोड़ रुपये का कारोबार किया। हालांकि यह मंगलवार के मुकाबले करीब 50 लाख रुपये कम रहा, जिससे साफ है कि फिल्म की कमाई की रफ्तार अब थोड़ी धीमी पड़ने लगी है।
धीमी शुरुआत से जूझती रही फिल्म
फिल्म की शुरुआत बॉक्स ऑफिस पर काफी धीमी रही। रिलीज के दिन अदालत के आदेश के चलते पहले फिल्म की स्क्रीनिंग पर रोक लग गई थी, बाद में अनुमति मिलने से सिनेमाघरों और दर्शकों के बीच भ्रम की स्थिति बनी रही। इसी वजह से पहले दिन फिल्म ने महज करीब 75 लाख रुपये की कमाई की।
हालांकि रिलीज को लेकर स्थिति साफ होने के बाद वीकेंड में कलेक्शन में सुधार देखने को मिला। दूसरे दिन फिल्म ने करीब 4.65 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जबकि तीसरे दिन इसकी कमाई लगभग 4.75 करोड़ रुपये रही। इसके बाद सोमवार को फिल्म ने करीब 2.5 करोड़ रुपये कमाए और मंगलवार को कलेक्शन बढ़कर लगभग 4 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। बुधवार की कमाई जोड़ने के बाद फिल्म का कुल भारतीय नेट कलेक्शन करीब 20.15 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं घरेलू ग्रॉस कलेक्शन का आंकड़ा लगभग 23.9 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
पहले पार्ट के मुकाबले काफी पीछे सीक्वल
हालांकि बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की कमाई स्थिर बनी हुई है, लेकिन इसके आंकड़े 2023 में रिलीज हुई सुपरहिट फिल्म The Kerala Story के मुकाबले काफी कम हैं।
पहले पार्ट ने रिलीज के शुरुआती छह दिनों में ही हिंदी वर्जन से 68.64 करोड़ रुपये की कमाई कर ली थी। इसके अलावा तेलुगु डब वर्जन से भी करीब 1.51 करोड़ रुपये का कलेक्शन हुआ था। बाद में फिल्म ने भारत में अपने पूरे रन के दौरान लगभग 241.74 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी फिल्म ने 15 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की और कुल वैश्विक कलेक्शन करीब 302 करोड़ रुपये तक पहुंच गया था।
तीन महिलाओं की कहानी पर आधारित है फिल्म
फिल्म का निर्देशन Kamakhya Narayan Singh ने किया है, जबकि इसके निर्माता Vipul Amrutlal Shah हैं। ‘द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ की कहानी अलग-अलग राज्यों की तीन हिंदू महिलाओं के जीवन पर आधारित बताई जा रही है। कहानी में दिखाया गया है कि ये महिलाएं अपने परिवारों की मर्जी के खिलाफ मुस्लिम पुरुषों से शादी करती हैं और बाद में उन्हें धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया जाता है। फिल्म की इसी विषयवस्तु को लेकर रिलीज से पहले और बाद में भी विवाद देखने को मिले।
