सीएम धामी ने CSR मद से मिले दो वाहनों को दिखाई हरी झंडी, चम्पावत में स्वास्थ्य और शिक्षा सेवाओं को मिलेगा बड़ा सहारा

देहरादून/टनकपुर: उत्तराखंड में कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के जरिए बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने बहल पेपर मिल द्वारा उपलब्ध कराए गए दो वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन जनपद चम्पावत में स्वास्थ्य और शिक्षा सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

टनकपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने दोनों वाहनों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया और सहयोग के लिए संस्थान की सराहना की।

एक वाहन चिकित्सा विभाग को, दूसरा राजकीय इंटर कॉलेज को मिला

सीएसआर मद से प्राप्त वाहनों में से एक वाहन चिकित्सा विभाग को सौंपा गया है। इससे आपातकालीन स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया और सुदूर क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच आसान होगी।

वहीं दूसरा वाहन राजकीय इंटर कॉलेज, मंच को आवंटित किया गया है। यह वाहन विद्यालय के शैक्षणिक कार्यों और छात्र-छात्राओं की आवश्यकताओं की पूर्ति में सहायक सिद्ध होगा और संस्थान के लिए मील का पत्थर साबित होने की उम्मीद है।

कॉरपोरेट भागीदारी सराहनीय: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विकास कार्यों में कॉरपोरेट जगत की भागीदारी अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सीएसआर मद से प्राप्त ये वाहन स्थानीय स्तर पर सेवाओं की गुणवत्ता में निश्चित रूप से सुधार लाएंगे।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद Ajay Tamta, जिला पंचायत चम्पावत के अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, प्रकाश तिवारी, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, पूर्णागिरि मंदिर समिति के अध्यक्ष किशन तिवारी, उपाध्यक्ष भुवन पांडे, जिला पंचायत सदस्य सरस्वती चंद, नगर पालिका अध्यक्ष टनकपुर विपिन कुमार, जिलाधिकारी चम्पावत मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान सहित विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related posts