पति-पत्नी दोनों को मिलेगा बड़ा लाइफ कवर, LIC ने लॉन्च किए 2 नए दमदार प्लान, जानिए क्या हैं फायदे

मुंबई: देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी LIC ने शादीशुदा कपल्स के लिए दो नए जॉइंट लाइफ इंश्योरेंस प्लान लॉन्च किए हैं। अगर आप ऐसा प्लान तलाश रहे हैं जिसमें बचत के साथ मजबूत लाइफ कवर और गारंटीड रिटर्न मिले, तो LIC की ये नई योजनाएं आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकती हैं। खास बात यह है कि एक ही पॉलिसी के तहत पति और पत्नी दोनों को बीमा सुरक्षा मिलेगी।

LIC की ओर से लॉन्च किए गए इन नए प्लान्स का नाम ‘न्यू जीवन साथ सिंगल प्रीमियम’ और ‘न्यू जीवन साथी लिमिटेड प्रीमियम’ रखा गया है। कंपनी के मुताबिक ये दोनों योजनाएं जून 2026 से ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों पर उपलब्ध होंगी।

एक बार प्रीमियम भरें, लंबे समय तक पाएं सुरक्षा

LIC के ‘न्यू जीवन साथ सिंगल प्रीमियम’ प्लान में ग्राहक को सिर्फ एक बार प्रीमियम जमा करना होगा। इसके बाद पूरी पॉलिसी अवधि तक पति और पत्नी दोनों को लाइफ कवर का लाभ मिलता रहेगा।

कंपनी के अनुसार इस योजना में हर 1,000 रुपये के बेसिक सम एश्योर्ड पर 70 रुपये की गारंटीड एडिशन भी दी जाएगी। ग्राहक अपनी जरूरत के हिसाब से 10, 15, 20 या 25 साल की पॉलिसी अवधि चुन सकते हैं। इस योजना में न्यूनतम सम एश्योर्ड 3 लाख रुपये तय किया गया है।

किस्तों में प्रीमियम भरने वालों के लिए खास विकल्प

दूसरा प्लान ‘न्यू जीवन साथी लिमिटेड प्रीमियम’ उन ग्राहकों के लिए तैयार किया गया है जो एकमुश्त भुगतान के बजाय किस्तों में प्रीमियम भरना चाहते हैं। इस योजना में ग्राहक 5, 10 या 15 साल तक प्रीमियम जमा कर सकते हैं।

इस प्लान की खास बात यह है कि हर साल जमा किए गए प्रीमियम पर 7 प्रतिशत तक गारंटीड एडिशन का लाभ मिलेगा। साथ ही अगर प्रीमियम भुगतान अवधि के दौरान पति या पत्नी में से किसी एक की मृत्यु हो जाती है, तो बाकी बचे प्रीमियम को माफ कर दिया जाएगा। इससे परिवार पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा।

मिलेगी किस्तों में रकम लेने की सुविधा

LIC ने इन दोनों योजनाओं में ग्राहकों को अतिरिक्त सुविधा भी दी है। पॉलिसी मैच्योरिटी या डेथ बेनेफिट की राशि ग्राहक चाहें तो एकमुश्त लेने के बजाय 5, 10 या 15 साल की किस्तों में भी प्राप्त कर सकते हैं।

इसके अलावा मौजूदा LIC पॉलिसीहोल्डर्स और मृत पॉलिसीधारकों के नॉमिनी को विशेष रिबेट का लाभ भी दिया जाएगा। कंपनी का कहना है कि इन योजनाओं का उद्देश्य परिवारों को लंबी अवधि की वित्तीय सुरक्षा देना है।

ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीके से होगी खरीदारी

LIC के मुताबिक ग्राहक इन नई योजनाओं को एजेंट, ब्रोकर और अन्य अधिकृत चैनलों के जरिए खरीद सकेंगे। साथ ही इन्हें ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे लोग घर बैठे आसानी से पॉलिसी ले सकें।

Related posts