विजय से पहले इन फिल्मी सितारों ने संभाली सत्ता की कमान, कोई बना ‘अम्मा’ तो किसी ने रचा राजनीतिक इतिहास

भारतीय राजनीति और सिनेमा का रिश्ता काफी पुराना रहा है। फिल्मी दुनिया के कई बड़े सितारों ने पर्दे की लोकप्रियता को जनता के समर्थन में बदला और राजनीति में भी अपनी मजबूत पहचान बनाई। खासतौर पर दक्षिण भारत में कई सुपरस्टार्स ने राजनीति में ऐसी पकड़ बनाई कि वे सीधे मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंच गए। अब अभिनेता विजय के तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद एक बार फिर उन फिल्मी सितारों की चर्चा तेज हो गई है, जिन्होंने अभिनय से राजनीति तक का ऐतिहासिक सफर तय किया।

एम. जी. रामचंद्रन बने थे देश के पहले अभिनेता मुख्यमंत्री

तमिल सिनेमा के दिग्गज सुपरस्टार एम. जी. रामचंद्रन, जिन्हें एमजीआर के नाम से भी जाना जाता है, भारतीय राजनीति में बड़ा नाम माने जाते हैं। उन्होंने अपनी राजनीतिक पार्टी एआईएडीएमके की स्थापना की थी और बाद में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बने। एमजीआर देश के पहले ऐसे फिल्म अभिनेता थे, जिन्होंने किसी राज्य के मुख्यमंत्री पद तक पहुंचने का इतिहास रचा। उन्होंने 1977 से 1987 तक तमिलनाडु की सत्ता संभाली।

एनटीआर ने 9 महीने में बदल दी आंध्र प्रदेश की राजनीति

तेलुगु सिनेमा के सुपरस्टार एन. टी. रामाराव ने फिल्मों में भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण जैसे किरदार निभाकर अपार लोकप्रियता हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने तेलुगू देशम पार्टी की स्थापना की और महज 9 महीने के भीतर चुनाव जीतकर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री बन गए। एनटीआर को तीन बार राज्य की कमान संभालने का मौका मिला और उन्होंने क्षेत्रीय राजनीति को नई दिशा दी।

जयललिता ने ‘अम्मा’ बनकर बनाई अलग पहचान

तमिल, कन्नड़ और तेलुगु फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री जे. जयललिता ने अपने फिल्मी करियर में कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया। एमजीआर के साथ उनकी जोड़ी काफी चर्चित रही। बाद में वे उनकी राजनीतिक उत्तराधिकारी के रूप में उभरीं और तमिलनाडु की राजनीति में सबसे प्रभावशाली नेताओं में शामिल हो गईं। जयललिता छह बार राज्य की मुख्यमंत्री बनीं और जनता के बीच ‘अम्मा’ के नाम से मशहूर हुईं।

वी. एन. जानकी ने भी संभाली थी तमिलनाडु की सत्ता

वी. एन. जानकी अपने दौर की चर्चित अभिनेत्री थीं और एमजीआर की तीसरी पत्नी थीं। 1987 में एमजीआर के निधन के बाद एआईएडीएमके में राजनीतिक विवाद के बीच उन्हें तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनाया गया। हालांकि उनका कार्यकाल बेहद छोटा रहा और वे केवल 24 दिनों तक इस पद पर रहीं।

कॉमेडी से राजनीति तक पहुंचे भगवंत मान

पंजाब के मौजूदा मुख्यमंत्री भगवंत मान राजनीति में आने से पहले लोकप्रिय स्टैंड-अप कॉमेडियन और पंजाबी फिल्मों व टीवी इंडस्ट्री का चर्चित चेहरा रहे हैं। उन्होंने कई फिल्मों और टेलीविजन कार्यक्रमों में काम किया। बाद में राजनीति में सक्रिय होकर उन्होंने पंजाब की सत्ता संभाली और वर्तमान में मुख्यमंत्री पद पर हैं।

कई सितारों ने बनाई राजनीतिक पार्टियां, लेकिन सीएम पद तक नहीं पहुंचे

फिल्मी दुनिया के कई अन्य बड़े नामों ने भी राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई। इनमें चिरंजीवी, पवन कल्याण, स्मृति ईरानी, कमल हासन और शत्रुघ्न सिन्हा जैसे सितारे शामिल हैं। हालांकि, इन नेताओं को मुख्यमंत्री पद तक पहुंचने का मौका नहीं मिल सका।

Related posts