ईरान पर अमेरिकी-इजराइली हमलों पर भारत सरकार क्यों चुप? अखिलेश यादव ने उठाए सवाल

lucknow-city-general,UP politics, UP news, Samajwadi party, Akhilesh yadav, Lucknow News,Lucknow Latest News,Lucknow News in Hindi,Lucknow Samachar,lko,Uttar Pradesh news

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने ईरान पर हो रहे अमेरिकी और इजराइली हमलों को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि इन हमलों का दायरा हिंद महासागर तक पहुंचना बेहद गंभीर विषय है, लेकिन इस मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने अभूतपूर्व चुप्पी साध रखी है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि इसे सिर्फ चुप्पी माना जाए या फिर किसी विशेष भय के कारण सरकार की ‘घिग्घी बंधना’ कहा जाए।

अंतरराष्ट्रीय मुद्दे पर सरकार को स्पष्ट करना चाहिए रुख

अखिलेश यादव ने गुरुवार को कहा कि यह एक अंतरराष्ट्रीय मुद्दा है और ऐसे मामलों में देश की सरकार, विदेश मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय का संयुक्त दायित्व बनता है कि वे अपना स्पष्ट पक्ष सामने रखें। उन्होंने कहा कि कई दिनों से देश इस विषय पर सरकार की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहा है, लेकिन अब तक कोई बयान नहीं आया है। इसी वजह से विपक्ष को इस वैश्विक मुद्दे पर बोलने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

सरकार सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करे

सपा प्रमुख ने कहा कि मौजूदा संकटकाल में केंद्र सरकार को आगे आकर देश की जल, थल और वायु सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जब सरकार इस मुद्दे पर कुछ कह ही नहीं रही है, तो देशवासियों के मन में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि आगे क्या कदम उठाए जाएंगे। उनके मुताबिक भाजपा सरकार पर से जनता का विश्वास कमजोर हुआ है और लोगों को लगने लगा है कि देश में सरकार जैसी कोई व्यवस्था ही नजर नहीं आ रही।

हमले की घटना पर जताया शोक और निंदा

अखिलेश यादव ने अयातुल्ला खामेनेई और मीनाब के एक स्कूल पर हुए हमले की भी कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि इस हमले में 165 छात्राओं की मौत हुई है, जो बेहद दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि जिनेवा कन्वेंशन और अंतरराष्ट्रीय कानून, जो संघर्ष के समय भी मानव जीवन की रक्षा के लिए बनाए गए हैं, ऐसे हमलों से गंभीर रूप से खतरे में पड़ जाते हैं।

Related posts