मथुरा। कोसीकलां नगर में मंगलवार को एक ऐसा विवाह समारोह आयोजित हुआ, जिसने शहर में चर्चा का विषय बन गया। पूर्व चेयरमैन नरेंद्र कुमार की भतीजी और दिनेश प्रधान की पुत्री की शादी रायल किंग होटल में हुई। इस शादी को खास इसलिए माना जा रहा है क्योंकि कन्या पक्ष ने समारोह में आने वाले शुभचिंतकों के लिए एक अनोखी अपील की – कन्यादान 100 रुपये से अधिक का न करें।
होर्डिंग के जरिए दी गई स्पष्ट अपील
शादी के कार्यक्रम स्थल पर एक होर्डिंग लगाई गई, जिसमें साफ लिखा था कि कन्या पक्ष आने वाले लोगों से 100 रुपये से अधिक का कन्यादान नहीं लेगा। इसका उद्देश्य था कि शादी समारोह में दिखावे और खर्चीली रस्मों के बजाय सादगी और समानता कायम रहे। इस पहल से आर्थिक भेदभाव खत्म करने और सभी वर्गों के लोगों को समान रूप से समारोह में शामिल होने का अवसर देने की कोशिश की गई।
परिवार ने दिया प्रेरक संदेश
पूर्व चेयरमैन नरेंद्र कुमार ने बताया कि उनके परिवार की यह पहल संदेश देती है कि संस्कारों की गरिमा धनराशि से नहीं, बल्कि भावना, संवेदना और सामाजिक समानता से तय होती है। इस अभिनव प्रयास से विवाह समारोह में सादगी के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी और चेतना का माहौल बना रहा।
शहर में बनी चर्चा का विषय
इस अनोखी पहल को लेकर समारोह में शामिल लोग दिनभर चर्चा करते रहे। सभी ने इस कदम की सराहना की और इसे आने वाले समय के लिए एक प्रेरक उदाहरण माना। इस शादी ने साबित कर दिया कि सामाजिक चेतना और समानता के साथ भी विवाह का पवित्र संस्कार पूरे उत्साह और आनंद के साथ मनाया जा सकता है।
