नई दिल्ली। साल 2026 की शुरुआत में सिनेमाघरों में रिलीज हुई ‘बॉर्डर 2’ मेकर्स के लिए उम्मीद से कहीं ज्यादा फायदेमंद साबित हो रही है। 2025 की सबसे बड़ी फिल्म मानी जा रही ‘धुरंधर’ का ओपनिंग डे रिकॉर्ड तोड़ने के बाद यह वॉर ड्रामा लगातार बॉक्स ऑफिस पर मजबूती से टिकी हुई है। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर वर्किंग डेज में कमाई की रफ्तार भले थोड़ी सुस्त रही हो, लेकिन वर्ल्डवाइड लेवल पर फिल्म की पकड़ बेहद मजबूत बनी हुई है। इसी कड़ी में महज 12 दिनों के भीतर ‘बॉर्डर 2’ ने ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है, जिसने ट्रेड एनालिस्ट्स को भी चौंका दिया है।
400 करोड़ क्लब में शानदार एंट्री
सनी देओल और वरुण धवन स्टारर वॉर ड्रामा फिल्म ‘बॉर्डर 2’ ने दुनियाभर में करीब 43 करोड़ रुपये की ओपनिंग के साथ बॉक्स ऑफिस पर कदम रखा था। पहले ही वीकेंड में फिल्म ने 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया, जबकि सोमवार तक इसकी कुल कमाई 396 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी थी। अब रिलीज के 1 हफ्ते और 4 दिन यानी 12 दिनों में फिल्म ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 400 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है।
12 दिनों में 403.79 करोड़ की वर्ल्डवाइड कमाई
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘बॉर्डर 2’ ने दुनियाभर में 12 दिनों में कुल 403.79 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। मंगलवार को फिल्म का सिंगल डे कलेक्शन करीब 7 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जिससे यह साफ हो गया कि फिल्म की रफ्तार अब भी बरकरार है।
2026 की सबसे तेज 400 करोड़ कमाने वाली फिल्म
‘बॉर्डर 2’ साल 2026 में सबसे तेजी से 400 करोड़ क्लब में शामिल होने वाली फिल्म बन गई है। फिल्म को अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम, ऑस्ट्रेलिया समेत कई देशों में रिलीज किया गया, जहां दर्शकों से इसे जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। ओवरसीज मार्केट में ही फिल्म ने 36.64 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है।
भारत में भी मजबूत कलेक्शन
अगर घरेलू बॉक्स ऑफिस की बात करें तो ‘बॉर्डर 2’ का इंडिया नेट कलेक्शन अब तक 308.41 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है, जबकि ग्रॉस कमाई 367.15 करोड़ रुपये दर्ज की गई है। थिएटर्स में लगातार हो रही जबरदस्त कमाई ने फिल्म को साल की सबसे बड़ी हिट फिल्मों की कतार में खड़ा कर दिया है।
ओटीटी रिलीज को लेकर बढ़ा इंतजार
थिएटर्स में शानदार प्रदर्शन के बाद अब फैंस ‘बॉर्डर 2’ की ओटीटी रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। माना जा रहा है कि यह फिल्म मार्च और अप्रैल के बीच नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो सकती है। गौरतलब है कि ‘बॉर्डर’ और ‘बॉर्डर 2’ दोनों ही फिल्में 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध पर आधारित हैं। वहीं, ‘बॉर्डर 3’ की कहानी को लेकर भी दर्शकों में जबरदस्त उत्सुकता बनी हुई है।
