नई दिल्ली। iPhone इस्तेमाल करते वक्त आपने कैमरा मॉड्यूल के पास मौजूद एक छोटे-से छेद को जरूर देखा होगा। अक्सर लोग इसे डिजाइन का हिस्सा या कोई सेंसर समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। यह छोटा-सा छेद iPhone के सबसे अहम हार्डवेयर कंपोनेंट्स में से एक से जुड़ा है, जो आपके वीडियो को प्रोफेशनल क्वालिटी देने में बड़ी भूमिका निभाता है।
दरअसल, कैमरा के पास दिखने वाला यह छेद कोई सजावटी एलिमेंट नहीं, बल्कि iPhone के रियर माइक्रोफोन का हिस्सा है। यही माइक्रोफोन वीडियो रिकॉर्डिंग के दौरान ऑडियो को साफ, नेचुरल और फोकस्ड बनाने में मदद करता है। इसी वजह से iPhone आज कंटेंट क्रिएटर्स और व्लॉगर्स के बीच सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले स्मार्टफोन्स में गिना जाता है।
कैमरा के पास क्यों दिया जाता है माइक्रोफोन
Apple iPhone में मल्टी-माइक सिस्टम का इस्तेमाल करता है। पीछे की तरफ दिया गया यह माइक्रोफोन खासतौर पर वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए डिजाइन किया गया है। जब आप कैमरा ऑन करके किसी सीन, व्यक्ति या इवेंट को रिकॉर्ड करते हैं, तो यह माइक उसी दिशा से आने वाली आवाज को प्राथमिकता देता है, जहां कैमरा फोकस होता है।
कैसे बेहतर बनती है वीडियो की ऑडियो क्वालिटी
रियर माइक्रोफोन का काम सिर्फ आवाज कैप्चर करना नहीं होता, बल्कि यह बैकग्राउंड नॉइज को कम करके मेन साउंड को क्लियर बनाता है। भीड़-भाड़ वाली जगहों पर भी यह माइक्रोफोन अनचाही आवाजों को दबाकर जरूरी ऑडियो को हाई क्वालिटी में रिकॉर्ड करता है। यही वजह है कि iPhone से शूट किए गए वीडियो सुनने में ज्यादा साफ और प्रोफेशनल लगते हैं।
इन हालात में सबसे ज्यादा करता है काम
कैमरा के पास मौजूद यह माइक्रोफोन कॉन्सर्ट या लाइव इवेंट की रिकॉर्डिंग में आवाज को साफ रखने में मदद करता है। फैमिली फंक्शन्स या पार्टियों में दूर खड़े लोगों की आवाज भी बेहतर तरीके से कैप्चर करता है। वहीं, व्लॉगिंग के दौरान आपकी आवाज को बैकग्राउंड साउंड से ऊपर एडजस्ट करके नेचुरल आउटपुट देता है।
