आजम खान, पत्नी और बेटे ने जौहर ट्रस्ट से दिया इस्तीफा, नई कार्यकारिणी का गठन, जाने कौन कौन बने सदस्य

रामपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान, उनकी पत्नी डॉ. ताजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम खान ने मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट से इस्तीफा दे दिया है। इसके साथ ही ट्रस्ट की नई कार्यकारिणी का गठन कर दिया गया है। यह फैसला मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए लिया गया है।
मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. एसएन सलाम ने जानकारी देते हुए बताया कि आजम खान, डॉ. ताजीन फातिमा और अब्दुल्ला आजम खान ने स्वयं को ट्रस्ट की नई कार्यकारिणी से अलग कर लिया है। अब ट्रस्ट का संचालन पूरी तरह नई टीम के हाथों में होगा।

नई कार्यकारिणी की घोषणा
नई कार्यकारिणी में निखत अखलाक को अध्यक्ष बनाया गया है। मुश्ताक अहमद उपाध्यक्ष, अदीब आजम खान सचिव, नसीर अहमद खान संयुक्त सचिव और जावेद उर रहमान खान कोषाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। वहीं मुमताज बी और चौधरी शायरयार सलीम को सदस्य बनाया गया है।

पुरानी कार्यकारिणी में थे ये पदाधिकारी
पूर्व कार्यकारिणी में आजम खान संस्थापक अध्यक्ष, मुश्ताक अहमद सिद्दीकी उपाध्यक्ष, डॉ. ताजीन फातिमा सचिव, नसीर अहमद खान संयुक्त सचिव, निखत अखलाक कोषाध्यक्ष और अब्दुल्ला आजम खान सहित कई सदस्य शामिल थे।

इस्तीफे की वजह
ट्रस्ट के दो प्रमुख सदस्यों—पूर्व राज्यसभा सांसद मुनव्वर सलीम और डीसीबी रामपुर के पूर्व चेयरमैन सलीम कासिम—के निधन के बाद ट्रस्ट की कार्यप्रणाली प्रभावित हुई थी। इसके अलावा आजम खान, उनकी पत्नी और बेटे पर कई मुकदमे चल रहे हैं। वर्तमान में आजम खान और अब्दुल्ला आजम खान रामपुर जिला कारागार में बंद हैं, जिससे ट्रस्ट के संचालन में व्यावहारिक कठिनाइयां सामने आ रही थीं।
इन्हीं कारणों के चलते ट्रस्ट से अलग होने का निर्णय लिया गया है।

Related posts