हिमाचल में बर्फबारी से लौटी पर्यटकों की भीड़, मनाली-शिमला के होटल हुए गुलजार; इन जगहों पर मिल रहे बर्फ के नजारे

शिमला: हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हुई बर्फबारी ने पर्यटन कारोबार को नई रफ्तार दे दी है। दीपावली के दौरान पर्यटकों की संख्या में आई गिरावट के बाद अब वीकेंड पर पहाड़ों की ओर सैलानियों का रुख बढ़ा है। शिमला, मनाली और धर्मशाला समेत प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से होटल कारोबारियों को भी राहत मिली है। ऊंची चोटियों पर बर्फ की सफेद चादर देखने की उम्मीद में दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में लोग हिमाचल पहुंच रहे हैं।

मनाली और कसौली में 70 प्रतिशत तक पहुंची होटल ऑक्यूपेंसी

बर्फबारी के बाद प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में होटलों की ऑक्यूपेंसी में सुधार दर्ज किया गया है। मनाली और कसौली में होटल ऑक्यूपेंसी करीब 70 प्रतिशत तक पहुंच गई है। वहीं, शिमला और कांगड़ा में यह आंकड़ा लगभग 65 प्रतिशत बताया जा रहा है।

इस बार घरेलू पर्यटकों के साथ विदेशी सैलानियों की मौजूदगी भी अच्छी दिखाई दी। पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि बर्फबारी की संभावना ने पर्यटकों को पहाड़ों की ओर आकर्षित किया है। सर्दियों का पर्यटन सीजन शुरू होने के साथ आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।

इन जगहों पर मिल रहे बर्फ के दीदार

हिमाचल में कई ऊंचाई वाले इलाके इन दिनों पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। लाहुल-स्पीति, रोहतांग दर्रा और कुल्लू के जलोड़ी जोत में बर्फ की सफेद चादर दिखाई दे रही है। इसके अलावा सोलंग घाटी और अटल टनल के आसपास भी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ी है।

शिमला के कुफरी और नारकंडा के साथ किन्नौर में भी बर्फ के फाहे गिरने से सैलानियों का उत्साह बढ़ा है। रविवार को ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ।

हालांकि, रोहतांग दर्रे, जलोड़ी जोत और लाहुल-स्पीति के ऊंचाई वाले मार्गों पर बर्फबारी के कारण फिसलन बनी हुई है। इन मार्गों पर सड़कें बहाल हैं, लेकिन पर्यटकों को सफर के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत है।

पीक सीजन में होटल नहीं दे रहे छूट

पर्यटकों की बढ़ती आमद का असर होटल किरायों पर भी दिखाई दे रहा है। पर्यटन सीजन के दौरान सामान्य तौर पर होटलों में छूट नहीं दी जा रही है। हालांकि, अन्य दिनों में होटल संचालक 15 से 20 प्रतिशत तक की छूट देते हैं।

मौजूदा समय में कुछ निजी होटल करीब 10 प्रतिशत तक की छूट दे रहे हैं, जबकि तीन सितारा और पांच सितारा होटलों में फिलहाल कोई छूट नहीं मिल रही है। बर्फबारी के बाद बढ़ती पर्यटक संख्या से पर्यटन कारोबारियों को आने वाले दिनों में बेहतर कारोबार की उम्मीद है।

Related posts