नई दिल्ली: स्मार्टफोन बाजार में Xiaomi अपनी नई फ्लैगशिप सीरीज पेश करने जा रही है। कंपनी 17 नवंबर 2026 को Xiaomi 18 Pro और Xiaomi 18 Pro Max को ग्लोबल मार्केट में लॉन्च करेगी। इसके लिए पेरिस में एक विशेष इवेंट आयोजित किया जाएगा, जो स्थानीय समय के अनुसार दोपहर 2 बजे और भारतीय समयानुसार शाम 6:30 बजे शुरू होगा। दोनों स्मार्टफोन की सबसे खास बात इनमें मिलने वाली 200MP कैमरा तकनीक और पीछे की ओर दी गई अतिरिक्त डिस्प्ले है।
कंपनी इन स्मार्टफोन को करीब दो महीने बाद ग्लोबल बाजार में पेश कर रही है। लॉन्च इवेंट के दौरान ही दोनों फोन चीन में भी लॉन्च होंगे। Xiaomi 18 Pro सीरीज को Velvet Red, Cosmic Blue और White कलर विकल्पों में उतारे जाने की जानकारी है।
Xiaomi 18 Pro और Pro Max में मिल सकती है बड़ी डिस्प्ले
डिस्प्ले की बात करें तो Xiaomi 18 Pro में 6.4 इंच की AMOLED स्क्रीन मिलने की संभावना है। वहीं, Pro Max मॉडल में 6.9 इंच का बड़ा डिस्प्ले दिया जा सकता है। दोनों स्मार्टफोन के फ्रंट और रियर डिस्प्ले में LTPO OLED पैनल मिलने की बात कही गई है।
इनमें 120Hz तक का रिफ्रेश रेट और 4,000 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस मिल सकती है। फोन के पिछले हिस्से में कैमरा मॉड्यूल के साथ एक अतिरिक्त स्क्रीन भी दी जाएगी। Xiaomi 18 Pro में यह डिस्प्ले 2.7 इंच और Pro Max में 2.9 इंच की हो सकती है।
स्नैपड्रैगन के दमदार प्रोसेसर से लैस होंगे दोनों फोन
परफॉर्मेंस के मामले में भी Xiaomi अपनी नई सीरीज में दमदार हार्डवेयर दे सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, Xiaomi 18 Pro में Snapdragon 8 Elite Gen 6 प्रोसेसर मिलने की संभावना है।
वहीं, Xiaomi 18 Pro Max में इससे ज्यादा पावरफुल Snapdragon 8 Elite Extreme Gen 6 चिपसेट दिया जा सकता है। इन प्रोसेसर के साथ दोनों फोन को फ्लैगशिप परफॉर्मेंस सेगमेंट में उतारने की तैयारी है।
200MP के दो कैमरे बनाएंगे फोटोग्राफी को खास
कैमरा इस सीरीज की सबसे बड़ी खूबियों में शामिल हो सकता है। Xiaomi 18 Pro और Pro Max दोनों में 200 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा मिलने की उम्मीद है। इसके साथ 200 मेगापिक्सल का पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा भी दिया जा सकता है।
इसके अलावा फोन में 50 मेगापिक्सल का अल्ट्रावाइड कैमरा मिलने की बात कही गई है। इस कैमरा सेटअप से बेहतर जूम और अलग-अलग परिस्थितियों में फोटोग्राफी का अनुभव मिलने की उम्मीद है।
ग्लोबल मॉडल में छोटी हो सकती है बैटरी
बैटरी को लेकर सामने आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, Xiaomi 18 Pro सीरीज के ग्लोबल वेरिएंट में चीन के मुकाबले कम क्षमता वाली बैटरी दी जा सकती है।
Xiaomi 18 Pro में 6,000mAh की बैटरी और 90W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलने की संभावना है। वहीं, Xiaomi 18 Pro Max में 7,050mAh की बैटरी दी जा सकती है। चीन में इस मॉडल की बैटरी क्षमता 8,500mAh बताई गई है। हालांकि, ग्लोबल वेरिएंट में बैटरी छोटी होने के बावजूद 100W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलने की जानकारी है।
