गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में 125 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन शिकायतों पर संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई की जाए और हर मामले का समयबद्ध, निष्पक्ष व संतुष्टिपरक समाधान सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने फरियाद लेकर पहुंचे लोगों को भरोसा दिलाया कि वे चिंता न करें, सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाएगी।
खुद लोगों तक पहुंचे मुख्यमंत्री, लिए प्रार्थना पत्र
गोरखपुर प्रवास के दौरान जनता दर्शन का आयोजन गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने किया गया। यहां कुर्सियों पर बैठे फरियादियों के पास मुख्यमंत्री खुद पहुंचे और एक-एक कर उनकी शिकायतें सुनीं। उन्होंने लोगों से प्रार्थना पत्र लिए और मौके पर मौजूद अधिकारियों को समस्याओं के निस्तारण के लिए जरूरी निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को शिकायतें भेजते हुए कहा कि हर मामले में पूरी संवेदनशीलता बरती जाए। शिकायतों का निस्तारण तय समयसीमा के भीतर निष्पक्ष तरीके से किया जाए, ताकि फरियादियों को वास्तविक राहत मिल सके।
इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने वालों को दिया भरोसा
जनता दर्शन में कुछ लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि धन की कमी के कारण किसी का इलाज नहीं रुकने दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंद मरीजों के बेहतर इलाज के लिए अस्पताल से जल्द से जल्द अनुमानित खर्च का विवरण तैयार कराया जाए।
योगी ने कहा कि इलाज का खर्च सामने आते ही सरकार की ओर से तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। जरूरतमंदों को उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा दिलाने में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए।
बच्चों को दुलार और चॉकलेट देकर किया प्रोत्साहित
जनता दर्शन में कई महिलाएं अपने बच्चों के साथ भी पहुंची थीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों से स्नेहपूर्वक बातचीत की और उन्हें प्यार-दुलार के साथ आशीर्वाद दिया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को चॉकलेट भी बांटी।
