‘नौकरी पाने वाला नहीं, रोजगार देने वाला बने युवा’, CM योगी ने कहा- सरकार ने खोले अवसरों के नए दरवाजे

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को उत्तर प्रदेश की जनता के नाम लिखी पाती में युवाओं से रोजगार तलाशने के साथ रोजगार देने वाला उद्यमी बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने युवाओं के लिए अवसरों के नए द्वार खोले हैं। मुख्यमंत्री ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण का जिक्र करते हुए कहा कि यह आयोजन प्रदेश के उत्पादों, कारीगरों, शिल्पकारों, उद्यमियों और युवाओं को वैश्विक बाजार से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच है।

25 से 29 सितंबर तक होगा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का चौथा संस्करण 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के उत्पादों को वैश्विक मंच देने और कारीगरों, उद्यमियों तथा अन्नदाताओं की मेहनत को दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से वर्ष 2023 में इस आयोजन की शुरुआत की गई थी।

एमएसएमई और ओडीओपी से 4 करोड़ से ज्यादा रोजगार का दावा

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार के सामने रोजगार सृजन प्रमुख प्राथमिकताओं में रहा है। उन्होंने कहा कि एमएसएमई सेक्टर और एक जनपद-एक उत्पाद जैसी पहलों के माध्यम से 4 करोड़ से अधिक रोजगार सृजित हुए हैं। उन्होंने बताया कि इसी सफलता से प्रेरणा लेकर ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ जैसी नई पहल भी शुरू की गई है।

उत्तर प्रदेश को बताया देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश को बीमार प्रदेश की छवि से बाहर निकालकर उत्सव प्रदेश बनाना बड़ी चुनौती थी। उनके मुताबिक आज उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन है। उन्होंने कहा कि राज्य की निर्यात में भागीदारी 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक है और देश-विदेश के उद्यमी उत्तर प्रदेश में निवेश करना चाहते हैं।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 15 लाख करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर उतर चुका है। बड़े स्तर पर निवेश से निर्यात बढ़ता है और इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं। उन्होंने कहा कि इसका लाभ प्रदेशवासियों, खासकर युवाओं को मिलता है।

युवा नौकरी मांगने वाला नहीं, रोजगार देने वाला बने

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान केवल बाजार और जनशक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश के युवाओं के कौशल, कारीगरों, शिल्पकारों और उद्यमियों की प्रतिभा भी इसकी बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा रोजगार पाने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला उद्यमी बने।

उन्होंने कहा कि इसी सोच के साथ सरकार ने युवाओं के लिए अवसरों के नए दरवाजे खोले हैं। युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए स्टार्टअप नीति-2026 और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के जरिए नवाचार, कौशल, उत्पाद विकास और बाजार से जुड़ने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

वैश्विक बाजार से जुड़ने का मंच है ट्रेड शो

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब अपने उत्पादों के साथ युवाओं की उद्यमशीलता को भी वैश्विक बाजार तक पहुंचा रहा है। उनके अनुसार अंतरराष्ट्रीय व्यापार शो खरीदारों, निवेशकों और वैश्विक बाजार से जुड़ने का महत्वपूर्ण मंच है।

युवाओं से अवसर का लाभ उठाने की अपील

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के युवाओं, विद्यार्थियों, नवोन्मेषकों और भावी उद्यमियों से यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा बड़ी संख्या में आयोजन में आएं, नए संपर्क और बाजार को समझें तथा अपनी प्रतिभा और क्षमता के अनुसार नए अवसर तलाशें।

उन्होंने युवाओं से उद्यमिता के प्रति जागरूकता की कमी दूर करने और आसपास उपलब्ध अवसरों को पहचानने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नया विचार और छोटा-सा प्रयास भी आने वाले समय में बड़े उद्यम की नींव बन सकता है। उनके मुताबिक युवाओं के प्रयासों से स्थानीय सामर्थ्य वैश्विक बाजार तक पहुंचेगा और उत्तर प्रदेश वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ते हुए विकसित उत्तर प्रदेश के सपने को साकार करेगा।

Related posts