मुंबई: ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को लेकर दर्शकों का इंतजार अब और बढ़ता जा रहा है। फिल्म का ट्रेलर रिलीज होने के बाद अब इसका पहला गाना ‘वारूं फॉरएवर’ भी जारी कर दिया गया है। रोमांटिक अंदाज वाले इस गाने में गुड्डू पंडित और स्वीटी की प्रेम कहानी की झलक देखने को मिल रही है। गाने को दर्शकों की ओर से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।
‘मिर्जापुर’ की लोकप्रियता किसी से छिपी नहीं है। कालीन भैया, गुड्डू पंडित और मुन्ना त्रिपाठी जैसे किरदारों ने दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है। सीरीज के अब तक तीन सीजन रिलीज हो चुके हैं और सभी को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला। अब इसी कहानी को बड़े पर्दे पर फिल्म के रूप में पेश किया जा रहा है। 11 अगस्त को फिल्म का ट्रेलर जारी किया गया था और इसके बाद ‘वारूं फॉरएवर’ ने फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है।
‘वारूं फॉरएवर’ में सुनाई दी पुराने गाने की धुन
अली फजल, पंकज त्रिपाठी, दिव्येंदु शर्मा, श्वेता त्रिपाठी और श्रिया पिलगांवकर अभिनीत ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का यह पहला गाना है। ‘वारूं फॉरएवर’ को श्रेया घोषाल और रोमी ने अपनी आवाज दी है। यह गाना ‘मिर्जापुर’ सीरीज के लोकप्रिय गीत ‘वारुं’ का नया संस्करण है। नए रूप में पेश किए जाने के बावजूद गाने में मूल गीत की पहचान और भावनात्मक प्रभाव को बनाए रखने की कोशिश की गई है।
रोमांटिक ट्रैक में दिखा गुड्डू-स्वीटी का रिश्ता
‘वारूं फॉरएवर’ में गुड्डू पंडित और स्वीटी की प्रेम कहानी के कुछ खास पलों को दिखाया गया है। गाने का रोमांटिक अंदाज ‘मिर्जापुर’ की हिंसा और अपराध से भरी कहानी के बीच एक अलग भावनात्मक रंग पेश करता है। पुराने प्रशंसकों के लिए यह गाना सीरीज से जुड़ी यादों को भी ताजा करता नजर आ रहा है।
मूल ‘वारूं’ गाना साल 2020 में रिलीज हुआ था और बाद में ‘मिर्जापुर’ सीरीज का अहम हिस्सा बन गया। इसकी भावपूर्ण धुन और गीत ने दर्शकों के बीच खास जगह बनाई थी। अब एक्सेल एंटरटेनमेंट और अमेजन एमजीएम स्टूडियोज ने इसे नए संगीत संयोजन के साथ फिल्म के लिए पेश किया है।
कब रिलीज होगी ‘मिर्जापुर: द मूवी’?
‘मिर्जापुर: द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है। फिल्म में अली फजल, पंकज त्रिपाठी, जितेंद्र कुमार, दिव्येंदु शर्मा, श्रिया पिलगांवकर, श्वेता त्रिपाठी, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी और रसिका दुग्गल प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। इनके अलावा हर्षिता गौर, मोहित मलिक, राजेश तैलंग और शीबा चड्ढा भी फिल्म का हिस्सा हैं।
फिल्म की कहानी सीरीज की घटनाओं से आगे बढ़ती दिखाई देगी। ट्रेलर के बाद दर्शकों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि मिर्जापुर की गद्दी पर आखिर किसका कब्जा होगा। फिल्म 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
