2036 ओलंपिक पर योगी सरकार का बड़ा विजन! यूपी को स्कूली खेलों में टॉप-3 राज्यों में पहुंचाने के लिए बनेगा मास्टर प्लान

लखनऊ: वर्ष 2036 में भारत में प्रस्तावित ओलंपिक खेलों की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने खेलों के क्षेत्र में बड़ा लक्ष्य तय किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश को वर्ष 2036 तक स्कूली खेलों के मामले में देश के शीर्ष तीन राज्यों में शामिल करने के लिए अभी से ठोस मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रदेश के खेल संघों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने का भी आह्वान किया, ताकि खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल संस्थाओं को वैश्विक अनुभव मिल सके।

अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बढ़ेगी उत्तर प्रदेश की भागीदारी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष एवं कृषि उत्पादन आयुक्त दीपक कुमार ने शिष्टाचार भेंट की। हाल ही में सर्बिया की राजधानी बेलग्रेड में आयोजित इंटरनेशनल स्कूल स्पोर्ट्स फेडरेशन के चुनाव में दीपक कुमार कार्यकारिणी सदस्य चुने गए हैं। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय खेल संगठनों में बढ़ती भागीदारी प्रदेश और देश की खेल व्यवस्था को नई दिशा देगी।

कबड्डी और योग को ओलंपिक में शामिल कराने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि कबड्डी और योग जैसे पारंपरिक भारतीय खेलों को ओलंपिक में शामिल कराने के लिए रणनीतिक स्तर पर प्रयास किए जाने चाहिए। उनका मानना है कि वैश्विक खेल संस्थाओं में सक्रिय भागीदारी से भारतीय खेलों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में मदद मिलेगी।

भारत ने वर्ल्ड स्कूल वालीबॉल में जीता कांस्य पदक

दीपक कुमार ने मुख्यमंत्री को बताया कि भारत ने पहली बार आईएसएफ अंडर-15 वर्ल्ड स्कूल वालीबॉल चैंपियनशिप-2025 के बालक वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि अंतरराष्ट्रीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम के तहत 120 से अधिक शारीरिक शिक्षा शिक्षकों और प्रशिक्षकों को प्रमाणित किया जा चुका है।

भारत करेगा दो बड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी

अगले वर्ष भारत को आईएसएफ वर्ल्ड स्कूल कुश्ती चैंपियनशिप और आईएसएफ वर्ल्ड स्कूल बैडमिंटन चैंपियनशिप की मेजबानी मिली है। दोनों प्रतियोगिताओं का आयोजन दिल्ली में होगा। इसके लिए स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने दिल्ली सरकार और भारत सरकार के खेल एवं युवा कल्याण मंत्रालय के साथ समझौता किया है।

35 से अधिक देशों के खिलाड़ी होंगे शामिल

इन दोनों अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 35 से अधिक देशों के 1,100 से ज्यादा खिलाड़ी और अधिकारी भाग लेंगे। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव एवं स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की कार्यकारिणी के सदस्य भगवती सिंह भी मौजूद रहे।

 

Related posts