NEET दोबारा परीक्षा पर शिक्षा मंत्री के घर हाई लेवल बैठक, NTA-CBSE समेत कई बड़े अधिकारी पहुंचे

नई दिल्ली: नीट यूजी परीक्षा को लेकर देशभर में जारी विवाद और पेपर लीक मामले के बीच केंद्र सरकार ने गतिविधियां तेज कर दी हैं। दोबारा परीक्षा आयोजित कराने की तैयारियों और आगे की रणनीति पर चर्चा के लिए गुरुवार देर शाम केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर हाई लेवल बैठक आयोजित की गई। इस अहम बैठक में शिक्षा मंत्रालय, NTA और CBSE समेत कई शीर्ष अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में शामिल हुए कई वरिष्ठ अधिकारी

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में NEET (UG) परीक्षा दोबारा कराने के संभावित विकल्पों और परीक्षा प्रक्रिया को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। शिक्षा मंत्री के आवास पर आयोजित इस बैठक में उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी, विद्यालय शिक्षा सचिव संजय कुमार, NTA के महानिदेशक अभिषेक सिंह, CBSE अध्यक्ष, केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) और नवोदय विद्यालय समिति (NVS) के आयुक्त समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

परीक्षा प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्था पर मंथन

बताया जा रहा है कि बैठक में परीक्षा की पारदर्शिता, सुरक्षा व्यवस्था और भविष्य में किसी भी तरह की अनियमितता रोकने के उपायों पर गंभीर चर्चा की गई। यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब NEET परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक के आरोपों के बाद NTA लगातार सवालों के घेरे में है।

3 मई को प्रस्तावित परीक्षा रद्द होने के बाद शिक्षा मंत्रालय लगातार हालात की समीक्षा कर रहा है। इसी कड़ी में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आगे की रणनीति तय करने के लिए यह अहम बैठक बुलाई गई।

पेपर लीक मामले में CBI की कार्रवाई तेज

वहीं, NEET-UG पेपर लीक मामले में जांच एजेंसियों की कार्रवाई भी लगातार जारी है। CBI से लेकर स्थानीय पुलिस तक आरोपियों से पूछताछ और गिरफ्तारी अभियान में जुटी हुई हैं।

दिल्ली की एक अदालत ने गुरुवार को पेपर लीक मामले में गिरफ्तार 5 आरोपियों को 7 दिन की CBI हिरासत में भेज दिया। अदालत ने टिप्पणी करते हुए कहा कि शुरुआती आरोपों से संकेत मिलता है कि गोपनीय प्रश्नपत्र लीक करने और आर्थिक लाभ के लिए उसे प्रसारित करने में एक “संगठित गिरोह” सक्रिय था।

इन आरोपियों को मिली CBI रिमांड

विशेष CBI न्यायाधीश अजय गुप्ता ने संघीय एजेंसी की याचिका स्वीकार करते हुए यश यादव, मांगीलाल खटीक, विकास बिवाल, दिनेश बिवाल और शुभम मधुकर खैरनार को सात दिन की हिरासत में लेकर पूछताछ की अनुमति दे दी।

Related posts