घरेलू शेयर बाजार में हफ्ते के पहले कारोबारी दिन भारी दबाव देखने को मिला। वैश्विक स्तर पर बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी की चिंता के बीच सोमवार को भारतीय शेयर बाजार बड़ी गिरावट के साथ खुला। शुरुआती कारोबार में निवेशकों के बीच बिकवाली हावी रही, जिसके चलते सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में कारोबार करते नजर आए।
बीएसई सेंसेक्स सोमवार को 690.1 अंकों की गिरावट के साथ 76,638.09 के स्तर पर खुला। वहीं एनएसई निफ्टी-50 भी 205.9 अंक टूटकर 23,970.10 पर कारोबार शुरू करता दिखा। इससे पहले शुक्रवार को भी बाजार कमजोरी के साथ बंद हुआ था, जब सेंसेक्स 516 अंक और निफ्टी करीब 150 अंक टूट गया था।
सेंसेक्स की 30 में से सिर्फ 2 शेयरों में तेजी
सोमवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से केवल 2 शेयर ही बढ़त के साथ खुले, जबकि 27 कंपनियों के शेयर गिरावट में रहे। वहीं एनटीपीसी का शेयर बिना किसी बदलाव के खुला।
निफ्टी-50 की बात करें तो इसके 50 में से सिर्फ 6 शेयर हरे निशान में कारोबार शुरू कर सके, जबकि बाकी 44 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ खुले।
टाटा स्टील में हल्की तेजी, टाइटन में बड़ी गिरावट
सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा स्टील का शेयर सबसे ज्यादा 0.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ खुला। दूसरी ओर टाइटन के शेयर में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई और यह 3.81 प्रतिशत टूटकर कारोबार करता दिखा।
इसके अलावा इंडिगो के शेयरों में 3.14 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। एसबीआई 3 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 2.01 प्रतिशत और मारुति सुजुकी 1.98 प्रतिशत तक फिसल गए।
बैंकिंग और ऑटो सेक्टर पर सबसे ज्यादा दबाव
बाजार खुलते ही बैंकिंग और ऑटो सेक्टर के शेयरों में भारी बिकवाली देखने को मिली। एचडीएफसी बैंक 1.47 प्रतिशत, एक्सिस बैंक 0.94 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 0.61 प्रतिशत और कोटक महिंद्रा बैंक 0.81 प्रतिशत गिरावट के साथ खुले।
वहीं ऑटो सेक्टर में महिंद्रा एंड महिंद्रा और मारुति सुजुकी के अलावा कई शेयरों में कमजोरी दर्ज की गई।
आईटी और दिग्गज शेयरों में भी कमजोरी
आईटी सेक्टर के शेयरों पर भी दबाव नजर आया। इन्फोसिस 0.25 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 0.24 प्रतिशत और टीसीएस 0.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ खुले।
इसके अलावा रिलायंस इंडस्ट्रीज 0.86 प्रतिशत, एलएंडटी 0.97 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 1.03 प्रतिशत और अडाणी पोर्ट्स 1.34 प्रतिशत तक टूट गए।
हालांकि एचसीएल टेक का शेयर 0.12 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ कारोबार शुरू करने में सफल रहा।
बाजार में क्यों बढ़ा दबाव?
विशेषज्ञों के मुताबिक मिडिल ईस्ट में जारी तनाव, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और वैश्विक बाजारों से कमजोर संकेतों का असर भारतीय शेयर बाजार पर साफ दिखाई दे रहा है। निवेशकों में फिलहाल सतर्कता का माहौल है और इसी वजह से बाजार में शुरुआती कारोबार के दौरान तेज बिकवाली देखने को मिली।
