राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) की वरिष्ठ नेता और बारामती से सांसद सुप्रिया सुले शनिवार को एक सड़क हादसे में बाल-बाल बच गईं। यह दुर्घटना उस समय हुई जब वह पुणे से मुंबई की ओर यात्रा कर रही थीं। हादसे के बाद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया पर घटना की जानकारी साझा करते हुए इसे बेहद डरावना अनुभव बताया।
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर हुई टक्कर
जानकारी के मुताबिक, सुप्रिया सुले मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे से गुजर रही थीं, तभी एक अन्य वाहन ने कथित तौर पर लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उनकी कार को साइड से टक्कर मार दी। हादसे में राहत की बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित बच गए।
सुप्रिया सुले ने उस वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर भी सार्वजनिक किया, जिसने उनकी कार को टक्कर मारी। उन्होंने बताया कि वाहन का नंबर GJ13CF5257 है।
सोशल मीडिया पर साझा किया हादसे का अनुभव
घटना के बाद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया पर लिखा, “आज पुणे से मुंबई जाते समय हाईवे पर मेरा एक बेहद खौफनाक अनुभव हुआ, जब एक वाहन ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए मेरी कार को बगल से टक्कर मार दी। शुक्र है कि सभी सुरक्षित हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि इस तरह की घटनाएं याद दिलाती हैं कि तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग सड़क पर चलने वाले लोगों की जिंदगी को खतरे में डाल सकती है।
लोगों से की सुरक्षित ड्राइविंग की अपील
सुप्रिया सुले ने लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि सभी को सीट बेल्ट पहननी चाहिए, सतर्क रहना चाहिए और जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाना चाहिए, ताकि हाईवे सभी के लिए सुरक्षित बन सकें।
चार बार से बारामती का प्रतिनिधित्व कर रहीं सुप्रिया सुले
सुप्रिया सुले का राजनीतिक सफर साल 2006 में राज्यसभा सदस्य बनने के साथ शुरू हुआ था। इसके बाद 2009 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने बारामती सीट से जीत दर्ज की और तब से लगातार चार बार इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।
संसद में सक्रिय भागीदारी और बेहतर प्रदर्शन के लिए उन्हें कई बार ‘संसद रत्न’ पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।
