नोएडा को मिलेगा नया एलिवेटेड रोड, महामाया फ्लाईओवर से यमुना पुस्ते तक बनेगा 1.5 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर

नोएडा: शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए नोएडा में एक और नए एलिवेटेड रोड परियोजना पर तेजी से काम शुरू हो गया है। महामाया फ्लाईओवर से यमुना पुस्ते तक प्रस्तावित करीब 1.5 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रोड के लिए मिट्टी जांच का कार्य पूरा कर लिया गया है। अब आईआईटी रुड़की इस परियोजना की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर नोएडा प्राधिकरण को सौंपेगी।

डीपीआर मिलने के बाद प्राधिकरण टेंडर प्रक्रिया शुरू करेगा। माना जा रहा है कि जुलाई तक इस परियोजना के लिए टेंडर जारी किया जा सकता है।

सेक्टर-94 और चिल्ला एलिवेटेड रोड के बीच बनेगा अहम लिंक

प्रस्तावित एलिवेटेड रोड नोएडा के सेक्टर-94 स्थित यमुना पुस्ते और चिल्ला एलिवेटेड रोड के बीच कनेक्टिविटी मजबूत करेगा। यह सड़क महामाया फ्लाईओवर के उतरने वाले हिस्से से शुरू होकर यमुना पुस्ते तक जाएगी।

इस परियोजना को शहर के ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है। खासतौर पर फिल्म सिटी और आसपास के इलाकों में लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

आईआईटी रुड़की ने पूरा किया सर्वे

परियोजना को लेकर आईआईटी रुड़की पहले ही विस्तृत सर्वे कर चुकी है। अब पिलर निर्माण के लिए मिट्टी की जांच का काम भी पूरा हो गया है।

नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक एसपी सिंह के मुताबिक, उम्मीद है कि इसी महीने आईआईटी रुड़की डीपीआर तैयार कर प्राधिकरण को सौंप देगी। इसके बाद प्रशासनिक और तकनीकी औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि यदि प्रक्रिया तय समय पर आगे बढ़ी, तो जुलाई महीने में परियोजना के लिए टेंडर जारी कर दिया जाएगा।

यमुना पुस्ते पर अलग से होगा अंतिम सर्वे

यमुना पुस्ते पर बनने वाले एलिवेटेड रोड के लिए अभी अंतिम सर्वे होना बाकी है। यूपीडा की सलाहकार एजेंसी यहां प्रारंभिक सर्वे कर चुकी है।

योजना के मुताबिक कुछ हिस्से में एलिवेटेड रोड बनाया जाएगा, जबकि कुछ भाग में समतल सड़क तैयार की जाएगी। यह रोड सेक्टर-94 से लेकर यमुना एक्सप्रेसवे के पास सेक्टर-150 तक प्रस्तावित है।

हालांकि इस परियोजना में सिंचाई विभाग की अनुमति अहम मानी जा रही है, क्योंकि यमुना पुस्ता सिंचाई विभाग के अधिकार क्षेत्र में आता है। फिलहाल प्राधिकरण को विभाग की ओर से एनओसी का इंतजार है।

चिल्ला एलिवेटेड रोड से जुड़ेगी नई परियोजना

नया एलिवेटेड रोड चिल्ला एलिवेटेड रोड से भी जोड़ा जाएगा। यह परियोजना दिल्ली और नोएडा के बीच ट्रैफिक दबाव कम करने के उद्देश्य से बनाई जा रही है।

प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार चिल्ला एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य तेजी से जारी है और अब तक करीब 47 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इस परियोजना को दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

यह एलिवेटेड रोड दिल्ली के चिल्ला रेगुलेटर से शुरू होकर नोएडा के महामाया फ्लाईओवर तक जाएगा। आगे इसे दिल्ली के मयूर विहार फ्लाईओवर से भी जोड़ा जाएगा, जिससे दिल्ली-नोएडा आवागमन और सुगम होने की उम्मीद है।

Related posts